रिपोर्ट : LegendNews
ऑस्ट्रेलिया: मौजूदा दौर में ऊर्जा संकट और सप्लाई चेन बाधित होने पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में मौजूदा दौर में ऊर्जा संकट, सप्लाई चेन में रुकावट और दुनियाभर में फ़ैली अनिश्चितता को लेकर बयान दिया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया इस समय अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट जैसे दौर से गुजर रही है. ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ना स्वाभाविक भी है, और ज़रूरी भी है."
उन्होंने कहा, पिछले कुछ वर्षों में हमने दोनों देशों की क्षमताओं के साथ भावी साझेदारी का मजबूत ढांचा तैयार किया है. साल 2022 में रिकॉर्ड समय में किए गए ईसीटीए (आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता) से हमारी आर्थिक साझेदारी और मजबूत हुई है.
इसके लागू होने के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है और दोनों देशों के कारोबारियों को नए बाज़ारों तक पहुंच का लाभ मिला है.
पीएम मोदी फ़िलहाल ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं. इस यात्रा में वे आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत करेंगे.
इससे पहले पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, पीएम मोदी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ तीसरे सालाना शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे.
उन्होंने आगे लिखा है कि इस यात्रा में आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत होगी.
-Legend News

Recent Comments