असम के नगांव जिले में मंगलवार सुबह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 34वीं बटालियन के कैंप में एक ASI ने कथित तौर पर अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद एएसआई ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब सात बजे कटीमारी स्थित 34वीं बटालियन के कैंप में हुई। मुख्य द्वार पर तैनात एएसआई/जीडी बल्लानी प्रेमाबरम ने अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में एचवी/जीडी विष्णु प्रसाद बघेल और एसआई/जीडी रामनवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। 
घायल जवान को गुवाहाटी रेफर, जांच शुरू
घटना में एएसआई/मेन गोविंद श्रीपुल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) रेफर कर दिया गया। 
नगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने बताया कि आंध्र प्रदेश निवासी एएसआई प्रेमाबरम सुबह मुख्य द्वार पर तैनाती के दौरान अपनी निर्धारित सरकारी राइफल के बिना पाया गया। इसके बाद उसने गार्ड रूम से एक इंसास राइफल उठाई और क्वार्टर गार्ड के पीछे पहुंचकर सबसे पहले विष्णु प्रसाद बघेल पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
इसके बाद उसने दस्तावेज सत्यापन के लिए लखनऊ से आए एसआई रामनवल सिंह यादव पर भी गोली चला दी। इस हमले में यादव की भी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने एएसआई गोविंद श्रीपुल को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वारदात के बाद प्रेमाबरम बैरक में चला गया और वहां खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ और असम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और सीआरपीएफ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).