एशियन गेम्स 2026 पुरुष क्रिकेट के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन के बड़े अंतर से हरा दिया है। भारत के 170 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका महज 45 रन पर ढेर हो गई। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लेकर लंका की पारी को ध्वस्त कर दिया और मुकाबले को एकतरफा बना दिया। वाशिंग्टन सुंदर ने एक विकेट लिया। 
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन का स्कोर खड़ा किया है। उसके 7 विकेट गिरे। भारत की तरफ से ईशान किशन ने 80 रन की पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने 38 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। 
ईशान किशन ने टीम को मुश्किल से निकाला। उन्होंने एक छोर संभाले रखा जबकि दूसरे छोर से लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। आखिरी ओवर में ईशान किशन और वाशिंग्टन सुंदर ने मिलकर 18 रन बटोरे। जिससे टीम इंडिया सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची। 
श्रीलंका के छह बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम कभी मुकाबले में दिखी ही नहीं। उसके शीर्ष तीन बल्लेबाज तो खाता ही नहीं खोल सके। सिर्फ नुवानिदु फर्नांडो ने दहाई का आंकड़ा पार किया। वह 15 रन बना सके। सिनेथ जयवर्धने, लसिथ क्रूसपूले, सोहन डी लिवेरा, अशेन बंडारा और बिनुरा फर्नांडो खाता खोले बिना आउट हुए। वहीं, कप्तान सहान अराचिगे ने नौ रन बनाए। चमिका करुणारत्ने चार रन, वानुजा सहान एक रन और थारिंदु रत्नायके पांच रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा को दो-दो विकेट मिले। वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया। श्रीलंका के तीन खिलाड़ी रन आउट हुए। इस तरह पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई।
स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान 
अब तीन अक्तूबर को स्वर्ण पदक के लिए भारत का सामना साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम से होगा। हांगझोउ में 2023 में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में भारत ने स्वर्ण पदक जीता था। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).