टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सलेक्शन कमेटी को एक साफ संदेश श्रेयस अय्यर को लेकर भेजा है। अश्विन ने सलेक्टर्स को चेतावनी दी है कि अगर भारत की टी20 टीम में श्रेयस अय्यर की एंट्री नहीं हुई तो यह भारत का बड़ा नुकसान होगा। श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए आखिरी T20 इंटरनेशनल मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद से सबसे छोटे फॉर्मेट में इस बैटर को नजरअंदाज किया जा रहा है। यहां तक कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया गया। 
आईपीएल में लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे श्रेयस अय्यर की वकालत एक बार फिर से आर अश्विन ने की है। यहां तक कि उन्होंने लीडरशिप रोल के लिए भी उनको चुना है। वे केकेआर को 2024 में चैंपियन बना चुके हैं। पंजाब को पिछले साल फाइनल तक पहुंचा चुके हैं और इस साल भी अभी तक अजेय हैं। अश्विन का बयान श्रेयस अय्यर को लेकर तब आया है, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ कहर बरपाया। 35 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली। जसप्रीत बुमराह के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की। 
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, उन्हें किसी को जवाब क्यों देना चाहिए? अपने अंदर की आग को बाहर निकालकर, श्रेयस ने सबको दिखा दिया है कि बेहतरीन होना कैसा होता है। लोग लगातार सवाल उठाते थे, कहते थे कि वह शॉर्ट बॉल नहीं खेल पाते, लेकिन देखिए उन्होंने जसप्रीत बुमराह को कैसे जवाब दिया, एक शॉर्ट बॉल को फ्रंट प्रेस से मिड-विकेट के ऊपर से छक्का मारकर भेज दिया। 
श्रेयस को कुछ साबित नहीं करना है 
पूर्व ऑफ स्पिनर ने बताया, मैं उस समय ऑन एयर था; यह सच में अविश्वसनीय था। उसने चेन्नई के खिलाफ चेपॉक में अपने पहले ही गेम में ऐसा ही शॉट खेला था। यह उसका कहने का तरीका है: 'तुम चाहते हो कि मैं साबित करूं कि मैं शॉर्ट बॉल खेल सकता हूं? नहीं, मैं तुम्हें कुछ साबित नहीं करूंगा।' इसके बजाय, वह खुद को दिखा रहा है कि वह कितना काबिल हो सकता है और वह कितना अच्छा करने के लिए मेहनत कर सकता है। उसके जैसे क्रिकेटरों को देखकर मुझे प्रेरणा मिलती है, क्योंकि मैंने पूरी ज़िंदगी खुद से यही कहा है: किसी को जवाब मत दो; बस आगे बढ़ते रहो।
अश्विन ने नेशनल T20 टीम में अय्यर की वापसी की अहमियत पर ज़ोर देते हुए कहा कि अगर वह टीम से बाहर रहते हैं और उन्हें लीडरशिप रोल नहीं दिया जाता है, तो नुकसान देश का होगा, खिलाड़ी का नहीं। अश्विन ने कहा, उनकी रेंज जबरदस्त है और उनके लीवर्स जबरदस्त हैं; वह शॉट के जरिए गेंद को दूर तक भेजते हैं। श्रेयस अय्यर को नजरअंदाज करना अपने लिए ही खतरा है। अगर वह टीम में नहीं हैं या लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा नहीं हैं, तो नुकसान उनका नहीं, हमारा होगा। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).