गोंडा। जिले परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसपुर रियासत के राजाटोला राजघराने के राजमंदिर से भगवान राम-लक्ष्मण व लड्डू गोपाल की दुर्लभ मूर्तियां गर्भगृह से देर रात चोरी हो गईं. ये मूर्तियां अष्टधातु की बनी हुईं हैं. गुरुवार सुबह इसकी जानकारी राजघराने के सदस्यों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मूर्तियों की बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 5 टीमों का गठन किया गया है.

मंदिर से चोरी हुईं मूर्तियों में भगवान राम-लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्ति का वजन करीब 15 किलो और लंबाई डेढ़ फीट बताई जा रही है. वहीं लड्डू गोपाल की 500 ग्राम की मूर्ति व सिंहासन भी चोरी हुआ है. सुबह जब कुंवर नरेंद्र बहादुर सिंह की पत्नी नीलम सिंह पूजा करने गईं तो पाया कि मंदिर का ताला टूटा और दरवाजा खुला हुआ है.

इसके बाद राजघराने के अन्य सदस्यों को चोरी की जानकारी हुई. जबकि, मंदिर में अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां सुरक्षित हैं. घटना की जानकारी कुंवर विजय बहादुर सिंह बच्चा साहब ने पुलिस को दी है. जिसके बाद मौके पर स्थानीय पुलिस, सीओ करनैलगंज के साथ फील्ड युनिट व एसओजी टीम पहुंची.

इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम राधेश्याम राय ने बताया कि सुबह परसपुर थाने की पुलिस को कुंवर विजय बहादुर सिंह ने सूचना दी कि उनके घर के अंदर राजपरिवार का मंदिर है, जिससे 3 अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हो गई हैं. तत्काल स्थानीय परसपुर थाने की पुलिस और उच्च अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है. जिसके मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई है. कुंवर विजय बहादुर के तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं. जल्द से जल्द पुलिस मूर्ति चोरों को गिरफ्तार कर लेगी.
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).