रिपोर्ट : LegendNews
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहरवासियों से सहयोग की अपील
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए नगरवासियों से संयम बनाए रखने तथा नगर को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।
नगर निगम मथुरा-वृंदावन के वार्ड संख्या–37 के पार्षद राजीव कुमार सिंह एडवोकेट ने नगरवासियों से भी अनुरोध किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में अनावश्यक रूप से कूड़ा उत्पन्न न करें, घरों से निकलने वाले जैविक एवं खाद्य पदार्थों के कचरे को अलग एकत्रित कर कंपोस्ट खाद बनाने में उपयोग करें तथा सड़कों, गलियों, नालियों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालें। सभी नागरिक अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग प्रदान करें, ताकि हड़ताल के दौरान भी शहर की स्थिति को यथासंभव नियंत्रित रखा जा सके।
वहीं, सफाई कर्मचारियों से भी विशेष रूप से अपील की गई है कि किसी के बहकावे में न आएं और ऐसा कोई अनुचित कदम न उठाएं जिससे शहर की शांति, कानून-व्यवस्था अथवा आम नागरिकों को परेशानी हो।
सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यह शहर आपका भी है और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों की समस्याएं और मांगें अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं, लेकिन किसी भी समस्या का समाधान आपसी बातचीत और शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से ही बेहतर तरीके से निकाला जा सकता है।
सफाई कर्मचारियों से अनुरोध है कि हिंसा और टकराव का रास्ता छोड़कर शांति, संयम और वार्ता का रास्ता अपनाएं। बैठकर बातचीत करने में कोई बुराई नहीं है। यदि कर्मचारी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्वक रखेंगे और प्रशासन भी उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनेगा, तो निश्चित रूप से समाधान का रास्ता निकाला जा सकता है।
नगर निगम मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त महोदय से भी अनुरोध है कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनके साथ वार्ता कर यथाशीघ्र उचित समाधान कराया जाए, ताकि हड़ताल समाप्त हो और शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके।
इसके साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों—माननीय विधायकगण, माननीय सांसदगण, माननीय मंत्रीगण, माननीय अध्यक्षगण एवं वरिष्ठ नागरिकों से भी अनुरोध है कि वे इस विषय में सकारात्मक पहल करते हुए सफाई कर्मचारियों एवं नगर निगम प्रशासन के बीच संवाद स्थापित कराने तथा समस्या के शांतिपूर्ण समाधान में सहयोग प्रदान करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा, जिलाधिकारी मथुरा, मंडलायुक्त आगरा मंडल तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से भी अनुरोध है कि वर्तमान परिस्थितियों में उत्पन्न समस्या के शांतिपूर्ण समाधान एवं सफाई व्यवस्था को सामान्य कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
मीडिया जगत से भी अपील है कि वह इस विषय को सकारात्मक दृष्टिकोण से उठाते हुए सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और शहरवासियों की परेशानियों को सामने लाए तथा प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच संवाद और समाधान का वातावरण बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
मथुरा-वृंदावन धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी होने के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में शहर की स्वच्छता और शांति बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आइए, हम सभी मिलकर टकराव नहीं, संवाद का रास्ता अपनाएं। हड़ताल नहीं, समाधान की दिशा में आगे बढ़ें, हिंसा नहीं, शांति और वार्ता को प्राथमिकता दें क्योंकि जनहित सर्वोपरि है।
- Legend News

Recent Comments