अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की तिकड़ी को 'हेरा फेरी 3' में देखने के सपने को एक और झटका लगा है। प्रियदर्शन के डायरेक्‍शन में बन रही इस फिल्‍म के राइट्स को लेकर पहले से कानूनी विवाद चल रहा है, वहीं अब फिल्म के राइटर रोहन शंकर ने इस प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया है। जी हां, रोहन शंकर ने अपने इस फैसले की पुष्टि की है और यह भी बताया कि इन कानूनी लड़ाइयों का फिल्म के भविष्य पर बुरा असर पड़ा है।
यह भी कम दिलचस्‍प नहीं है कि जब से प्रियदर्शन की 'हेरा फेरी 3' की घोषणा हुई है, तब से ही यह लगातार विवादों में है। पहले परेश रावल ने फिल्‍म छोड़ी। इसको लेकर कानूनी विवाद हुआ। बाद में नारागजी मिटी और वह फिल्‍म में लौट आए। लेकिन इसके बाद फिल्‍म के राइट्स को लेकर विवाद हुआ। जीपी विजयकुमार ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दावा किया कि फिल्म के राइट्स उनके पास हैं। उन्‍होंने 'फिर हेरा फेरी' बनाने के लिए प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला को अध‍िकार दिए थे। लेकिन तीसरे पार्ट के लिए नाडियाडवाला ने अवैध तरीके राइट्स अक्षय कुमार की 'केप ऑफ गुड फिल्म्स' को ट्रांसफर कर दिए हैं। 
रोहन शंकर बोले: बातचीत चल रही थी, अब कानूनी दिक्कतें
बहरहाल, अब नए घटनाक्रम में 'हेरा फेरी 3' के राइटर रोहन शंकर ने 'न्यूज18' से बात करते हुए कहा, 'मेरी बातचीत चल रही थी और यह प्रोजेक्ट होने वाला था, लेकिन कानूनी दिक्कतों की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। उम्मीद है कि अगर 'हेरा फेरी 3' बनती है और अगर प्रियदर्शन सर उसमें शामिल होते हैं, तो शायद मैं भी उसका हिस्सा बनूंगा।' 
प्रियदर्शन सर और अक्षय सर वर्कहॉलिक 
रोहन शंकर ने इस दौरान अक्षय और प्रियदर्शन को 'वर्कहॉलिक' (काम के दीवाने) बताया। कहा कि उनके पास पहले से ही कई प्रोजेक्ट्स की लाइन लगी है। राइटर ने कहा, 'प्रियदर्शन सर बहुत ज्यादा काम करते हैं। प्रियदर्शन सर और अक्षय सर, दोनों ही काम के बहुत दीवाने हैं। मैंने 'हेरा फेरी 3' का टीजर लिखा था और इस फिल्म पर काम भी करना था, लेकिन कानूनी उलझनों की वजह से अब मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हूं।' 
प्रियदर्शन के पास हैं बैक-टू-बैक कई फिल्‍में
जब उनसे पूछा गया कि उनके इस बात का क्‍या मतलब है कि 'अगर प्रियदर्शन सर उसमें शामिल होते हैं', इस पर रोहन ने कहा, 'प्रियदर्शन सर, आजकल बहुत ज्यादा काम कर रहे हैं। हमने अभी-अभी 'भूत बंगला' और 'हैवान' की शूटिंग पूरी की है और अब उन्हें एक और फिल्म करनी है। उसके बाद, उन्हें मोहनलाल सर के साथ एक फिल्म करनी है, जो उनकी 100वीं फिल्म होगी। वह कभी रुकते नहीं हैं।' 
हेरा फेरी 3 कब होगी और केस कब सुलझेगा, प्रियन सर रुकेंगे नहीं 
रोहन शंकर ने अपनी बात को आगे समझाते हुए कहा, 'प्रियदर्शन सर को एक फ‍िल्म करनी होती है, फिर दूसरी लिखनी होती है, फिर उसकी शूटिंग करनी होती है, तो उनका काम चलता ही रहता है। अब, इस शेड्यूल में, 'हेरा फेरी 3' कब होगी और यह सब कब सुलझेगा? अगर यह जल्दी सुलझ जाता है, तो प्रियन सर इसे करेंगे। मुझे नहीं पता कि वहां क्या चल रहा है, लेकिन प्रियन सर इन सबके बीच रुकेंगे नहीं। हो सकता है कि 'हेरा फेरी 3' शुरू होने से पहले ही वह पांच फ‍िल्में बना लें।' 
2000 में आई थी 'हेरा फेरी', 2006 में 'फ‍िर हेरा फेरी'
साल 2000 की कल्ट कॉमेडी 'हेरा फेरी' और 2006 में आई 'फिर हेरा फेरी' के बाद से ही फैंस को 'हेरा फेरी 3' का इंतजार है। खासकर, राजू, श्याम और बाबूराव जैसे मजेदार किरदार की वापसी को लेकर लोग उत्साहित हैं। लेकिन यह भी सच है कि 'हेरा फेरी 3' लगातार किसी ना किसी कानूनी उलझन में फंसती जा रही है। साउथ सिनेमा के प्रोड्यूसर जीपी विजयकुमार का केस अभी भी मद्रास हाई कोर्ट में है। 
'रामजी राव स्पीकिंग' का रीमेक, कोर्ट और कानूनी लड़ाई
'बार एंड बेंच' की एक रिपोर्ट के मुताबिक जीपी विजयकुमार ने अपनी 'सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड' प्रोडक्‍शन कंपनी के हवाले से मद्रास हाई कोर्ट में अर्जी दी है। उनकी दलील है उन्‍होंने फ‍िरोज नाडियाडवाला को मलयालम की कल्ट क्लासिक 'रामजी राव स्पीकिंग' (1989) का सिर्फ एक हिंदी रीमेक बनाने का ही अधिकार दिया था। वह रीमेक साल 2000 में 'हेरा फेरी' के नाम से रिलीज हुई। फिर नाडियाडवाला ने साल 2006 में 'फिर हेरा फेरी' बनाई। लेकिन अब अवैध तरीके से 'हेरा फेरी 3' के राइट्स अक्षय कुमार की प्रोडक्‍शन कंपनी को बेच दिए। यह कॉन्‍ट्रैक्‍ट का उल्‍लंघन है।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).