रिपोर्ट : LegendNews
स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और गंभीर मामला दर्ज
महाराष्ट्र के सरकारवाड़ा पुलिस ने कथित स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और गंभीर मामला दर्ज किया है। खरात पर सिन्नर के एक प्याज व्यापारी से 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। विशाल बर्के नामक व्यापारी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत यह प्राथमिकी दर्ज की गई। इस नई शिकायत के साथ ही खरात के खिलाफ यौन शोषण और धोखाधड़ी के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इनमें से 11 मामले नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में और एक अहिल्यानगर के शिरडी पुलिस स्टेशन में दर्ज है।
सिन्नर के व्यापारी विशाल बर्के ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में खरात पर सिलसिलेवार ठगी के आरोप लगाए हैं। बर्के के अनुसार यह धोखाधड़ी साल 2019 से शुरू हुई थी। बर्के का आरोप है कि खरात ने वृद्धाश्रम बनाने के बहाने उनसे एक जमीन का प्लॉट महज 22.25 लाख रुपये में खरीदा जबकि उस समय उसका बाजार मूल्य 60 लाख रुपये से अधिक था। जमीन लेने के बाद वहां कोई वृद्धाश्रम नहीं बनाया गया, बल्कि खरात ने वह जमीन अपनी बेटी सृष्टि के नाम पर रजिस्टर करा दी।
मजदूरी और बीज का झांसा
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि खरात ने उसे खेती के काम के लिए 30 मजदूर जुटाने को कहा था, लेकिन बाद में उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया। बर्के को अपनी जेब से करीब 2.5 लाख रुपये मजदूरों को देने पड़े। इतना ही नहीं खरात ने उसे ऊंचे मुनाफे का लालच देकर 15,000 रुपये के इमली के बीज बेचे, जो बाद में बेकार साबित हुए। बर्के ने आरोप लगाया कि 2023 से 2025 के बीच उन्होंने नासिक के पाथर्डी-गौलाने रोड पर एक प्लॉट के लिए खरात को किश्तों में 85 लाख रुपये दिए। पैसे लेने के बावजूद खरात ने जमीन बर्के के नाम ट्रांसफर नहीं की।
अंधविश्वास का डर दिखाकर दी धमकी
व्यापारी विशाल बर्के ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि जब उन्होंने अपने पैसे और जमीन वापस मांगी, तो खरात ने उन्हें डराना शुरू कर दिया। बर्के के अनुसार, खरात ने धमकी दी कि वह कुछ विशेष अनुष्ठान करेगा और उन पर अशुभ साया ला देगा, जिससे उनका पूरा व्यापार तबाह हो जाएगा। इसी डर के कारण व्यापारी लंबे समय तक चुप रहा।
एसआईटी की गिरफ्त में है खरात
अशोक खरात फिलहाल एक शादीशुदा महिला के साथ कथित बलात्कार और जबरन गर्भपात कराने के मामले में पुलिस हिरासत में है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो खरात के काले कारनामों की परतें खोल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खरात के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, कई और पीड़ित सामने आ रहे हैं जिन्होंने बाबा के डर या झांसे में आकर अपनी संपत्ति और सम्मान खोया है। सरकारवाड़ा पुलिस अब इस नए 1 करोड़ रुपये के ठगी मामले में सबूत जुटा रही है और जल्द ही खरात को इस केस में भी औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।
-Legend News

Recent Comments