रिपोर्ट : LegendNews
पाकिस्तान में जैश के एक और आतंकी हाफिज जुल्फिकार की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान में एक और आतंकी चेहरे के कथित तौर पर मारे जाने की खबर है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के लिए लोगों को भर्ती करने वाले और 2008 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकी-उर-रहमान लखवी के रिश्तेदार हाफिज जुल्फिकार की पाकिस्तान में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
वायरल वीडियो में एक शख्स आगे जा रहे दूसरे व्यक्ति के पीछे पहुंचता दिखाई देता है, इसके बाद वह उसके सिर में बंदूक सटाकर गोली मार देता है। जिसके बाद हाफिज जुल्फिकार वहीं ढेर हो जाता है, जबकि गोली मारने वाला शख्स वहां से फरार हो जाता है, लेकिन यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो जाती है। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आतंकियों के लिए छुपने की कोई जगह नहीं
इस पोस्ट को पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने भी शेयर किया। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, 'No place to hide, Dead is best' यानी उनके पोस्ट का संकेत था कि आतंकवाद से जुड़े लोगों के लिए कहीं छिपने की जगह नहीं है और ऐसे लोगों का मारा जाना ही बेहतर है।
वहीं वीडियो पोस्ट करने वाले शख्स ने कैप्शन में लिखा- 'Wicket down। हालिया सोशल मीडिया पोस्टों में भी यही दावा किया जा रहा है कि उसे पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारी ने मार गिराया।
26/11 से क्या है कनेक्शन?
हाफिज जुल्फिकार को लेकर किए जा रहे दावे में सबसे महत्वपूर्ण नाम जकी-उर-रहमान लखवी का है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के रिकॉर्ड के मुताबिक लखवी लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेशनल प्रमुख और सैन्य कमांडर रहा है तथा संगठन की कई आतंकी गतिविधियों को निर्देशित करने से जुड़ा रहा है।
26 नवंबर 2008 को मुंबई में समुद्र के रास्ते आए 10 आतंकियों ने कई जगहों पर हमले किए थे। तीन दिनों तक चले इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। लखवी को इस हमले की साजिश और संचालन से जुड़े प्रमुख आरोपियों में गिना जाता है।
-Legend News

Recent Comments