पाकिस्तान से तनातनी के बीच अफगानिस्तान के एक मंत्री अचानक भारत पहुंच गए हैं। भारत हमेशा से अफगानिस्तान का मददगार रहा है। इस बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी पोस्ट किया है। अफगानिस्तान के मंत्री की गर्मजोशी के साथ स्वागत की विदेश मंत्रालय ने एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। 
विदेश मंत्रालय ने दी अफगान मंत्री के दौरे की जानकारी
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर अफगानिस्तान के मंत्री के नई दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा-अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई और पशुपालन मंत्री मौलवी अताउल्लाह ओमारी के नई दिल्ली पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।' 
रणधीर जायसवाल बोले, आपसी हितों के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की उम्मीद
रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा-'आपसी हित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की उम्मीद है।' हाल ही में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच झड़पें हुई थीं, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था। 
मई में ही भारत ने भेजी थी 5 टन मदद
करीब तीन हफ्ते पहले ही भारत ने अफगानिस्तान को 5 टन जरूरी दवाओं की खेप भेजी थी। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि यह मदद अफगानिस्तान के लोगों की सेहत और भलाई के लिए भारत की लगातार मानवीय प्रतिबद्धता को दिखाती है। भारत अपनी जारी मानवीय सहायता कोशिशों के तहत दवाओं, टीकों और राहत के अन्य सामानों के ज़रिए अफ़ग़ानिस्तान की लगातार मदद करता रहा है। 
इस्लामिक स्टेट का खतरा, तालिबान का आरोप
तालिबान ने हाल ही में आरोप लगाया था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (ISI) और फील्ड मार्शल असीम मुनीर की फौज इस्लामिक स्टेट (ISIS) को संरक्षण दे रही है। तालिबान हाल ही में पाकिस्तान सीमा के भीतर आईएसआईएस के ठिकानों पर ड्रोन से हमले किए थे। इस्लामिक स्टेट पूरे भारतीय उप महाद्वीप के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। 
आईएसआईएस तालिबान सरकार के लिए बड़ा खतरा
तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर यह आरोप लगाया था कि ISIS उसके शासन और अफगानिस्तान की स्थिरता के लिए सबसे बड़ा खतरा बनकर उभर रहा है। काबुल ने पाकिस्तान की सेना और ISI पर आरोप लगाया है कि वह ISIS को समर्थन देकर अफगानिस्तान के भीतर आतंकी हमलों को बढ़ावा दे रही है। हालांकि, पाकिस्तान इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करता रहा है।
बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में ड्रोन से किए गए हमले
ISIS की बढ़ती गतिविधियों के बीच तालिबान ने बीते हफ्ते ही पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के सरानान और खैबर पख्तूनख्वा के कई इलाकों में सीमा पार कार्रवाई की। रिपोर्टों के मुताबिक, इन अभियानों में ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ऑपरेशन में ISIS और उसके सहयोगी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिन्हें उसने 'बुराई और भ्रष्टाचार के समूहों' का अड्डा बताया। 
भारत ने अफगानिस्तान के लिए तय किया है बजट
भारत ने अफगानिस्तान के साथ अपने संबंधों को नए सिरे से तय किया है। इसके तहत, केंद्रीय बजट में देश के लिए 150 करोड़ रुपये देने का वादा किया गया है और नई दिल्ली में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार के साथ कामकाजी संबंध स्थापित किए गए हैं। भारत, विदेश मंत्रालय के जरिए मानवीय सहायता और आपदा राहत सक्रिय रूप से पहुंचा रहा है, जिसके तहत सहायता इस प्रकार बांटी गई है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).