अमिताभ बच्चन ने सभी शादीशुदा मर्दों को चेतावनी दी है कि वो गलती से भी अपनी शादी की तारीख न भूलें। अगर ऐसा हुआ तो फिर उन्हें अपनी ओर उड़कर आते हुए जूते-चप्पल और बेलन का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। अमिताभ ने यह बात 'कौन बनेगा करोड़पति' के हालिया एपिसोड में कही। उनकी बात सुन सभी हंसने लगे।
अमिताभ ने कहा कि पत्नियों की एक आदत होती है कि वो शादी की तारीख बार-बार पूछती रहती हैं, इसलिए पतियों को चाहिए कि वो इसे गलती से भी न भूलें और हमेशा याद रखें। 
अमिताभ बच्चन ने पतियों को दी चेतावनी
अमिताभ बच्चन ने कहा, 'सभी पतियों से कहना है, ध्यान से सुनें। जिस दिन आपकी शादी हुई थी, दुनिया की बाकी सभी तारीखें भले ही भूल जाएं, लेकिन उस एक तारीख को कभी न भूलें। यह एक बहुत जरूरी तारीख है। पत्नियों की आदत होती है कि वो बार-बार पूछती हैं- क्या तुम्हें याद है कि हमारी शादी कब हुई थी?' 
क्या जया खाने पर इंतजार करती हैं? 
KBC 18 के इसी एपिसोड में जब एक कंटेस्टेंट ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि क्या उनकी पत्नी जया बच्चन काम से उनके लौटने का इंतजार करती हैं ताकि वो साथ में डिनर कर सकें, तो अमिताभ ने बताया कि वह जया समेत अपने पूरे परिवार को अपने बिजी शेड्यूल के बारे में जानकारी देते रहते हैं, ताकि वो उसी हिसाब से खाने का प्लान बना सकें। 
देर होती है तो पहले ही बता देता हूं खाने पर इंतजार न करें 
अमिताभ बच्चन बोले, 'जैसे ही मैं उठता हूं, हमारे कॉन्टैक्ट्स में परिवार के सभी सदस्यों के नाम सेव होते हैं और हमने एक ग्रुप बनाया हुआ है, जिसमें मैं हाथ जोड़कर 'नमस्कार' का मैसेज भेजता हूं। फिर मैं उन्हें बताता हूं कि मुझे कहीं शूट पर जाना है और देर हो जाएगी, इसलिए वो रात के खाने के लिए मेरा इंतजार न करें। मैं सभी को पहले ही बता देता हूं, और इससे मेरा काम आसान हो जाता है।' 
जया जी को नहीं बताया तो फिर डांट पड़ेगी 
उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन मान लीजिए कि मैंने उन्हें (जया को) नहीं बताया, तो मुझे डांट पड़ेगी और पूछा जाएगा कि आप कहां थे? आपने हमें बताया नहीं। क्या यह घर आने का समय है? इसलिए अगर हमें बहुत देर हो जाती है तो वह अपना खाना खा लेती हैं और खुद ही सो जाती हैं।'
अमिताभ बच्चन और जया की शादी
अमिताभ बच्चन और जया ने 3 जून 1973 को शादी की थी। यह शादी एकदम सादगी भरी थी, जिसमें सिर्फ दोनों के परिवार शामिल हुए थे। इसके बाद अमिताभ और जया साथ में लंदन गए थे। शादी के बाद उनकी फिल्म 'जंजीर' रिलीज हुई थी, जो सुपरहिट रही थी। इसके बाद अमिताभ और जया ने साथ में कई फिल्में कीं, जिनमें 'शोले', 'सिलसिला', 'अभिमान' और 'मिली' जैसे नाम शामिल हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).