रिपोर्ट : LegendNews
Amazon में फिर छंटनी, भारत,अमेरिका और ब्रिटेन में भी कर्मचारियों की गई नौकरी
अमेजन ने एक बार फिर अपने कर्मचारियों की छंटनी कर दी है. इस बार अमेजन में छंटनी का असर कंपनी के रिटेल बिजनेस से जुड़ी कई टीमों पर पड़ा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनियाभर में 1000 से कम व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों पर इस छंटनी का असर पड़ा है. वहीं अमेजन ने भी कर्मचारियों की संख्या घटाने की पुष्टि की है. हालांकि, कंपनी ने इसे छोटे स्तर पर किया गया बदलाव बताया है. कर्मचारियों की यह छंटनी भारत के अलावा अमेरिका और ब्रिटेन में भी की गई है.
अमेजन में कर्मचारियों की छंटनी
इस बार अमेजन की छंटनी किसी एक विभाग तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार, कस्टमर सर्विस, सेलर सर्विस और मार्केटप्लेस सपोर्ट से जुड़ी टीमों के कर्मचारी प्रभावित हुए है. इसके अलावा अमेजन के रिटेल कारोबार से जुड़े कुछ इंजीनियरिंग पदों पर भी नौकरी गई है. कंपनी के अनुसार, यह बदलाव मुख्य रूप से उसके स्टोर्स बिजनेस में किए गए हैं. यही कारोबार अमेजन के मुख्य ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म को चलाता है.
अमेजन में छंटनी ऐसे समय में हुई है, जब भारत में अमेजन की Great Indian Festival 2026 सेल 8 अक्टूबर से सभी ग्राहकों के लिए शुरू हुई है. इसी दौरान कर्मचारियों के बीच नौकरी जाने की खबर सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों ने आंतरिक कम्युनिकेशन चैनल और Slack के जरिए इस बारे में जानकारी साझा की यानी जिस समय अमेजन की सबसे बड़ी शॉपिंग सेल में से एक शुरू हुई, उसी समय कंपनी के कुछ कर्मचारियों को नौकरी जाने की जानकारी मिली.
अमेजन ने साल 2025 के आखिर से जनवरी 2026 के बीच करीब 30,000 कॉरपोरेट नौकरियों में कटौती की थी. उस समय कंपनी का मकसद खर्च कम करना और संगठन को ज्यादा सरल बनाना बताया गया था. अब की गई छंटनी संख्या के लिहाज से काफी छोटी है, लेकिन इससे संकेत मिलता है कि अमेजन में संगठन को दोबारा व्यवस्थित करने का काम अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
एआई में अमेजन का निवेश
अमेजन इस समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI पर भी तेजी से पैसा लगा रही है. कंपनी को AI से जुड़े डेटा सेंटर, चिप्स और दूसरी तकनीकी सुविधाओं के लिए बड़े निवेश की जरूरत है. कंपनी इन क्षेत्रों में करीब 220 अरब डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है. ऐसे में अमेजन एक तरफ कुछ पुराने या बदले जा रहे पदों को कम कर रहा है, तो दूसरी तरफ AI और दूसरी तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रहा है.
- Legend News

Recent Comments