रिपोर्ट : LegendNews
पहलगाम मार्ग से अमरनाथ यात्रा फिर शुरू, लेकिन राहत कार्य जारी
जम्मू-कश्मीर में पिछले सप्ताह भारी बारिश के बाद हुए हादसे की वजह से रोकी गई अमरनाथ यात्रा आज फिर से शुरू हो गई है. हालांकि, यात्रा को अभी एक ही रूट से शुरू किया गया है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के हवाले से बताया है, ''बादल फटने के कारण आंशिक रूप से रोकी गई अमरनाथ यात्रा नुनवान पहलगाम की तरफ़ से सोमवार से शुरू हो जाएगी.''
वो तीर्थयात्री जो बालटाल बेस कैंप में यात्रा शुरू होने का इंतज़ार कर रहे हैं वो अब आगे बढ़ सकते हैं. बालटाल और नुनवान दोनों तरफ़ से चॉपर्स उपलब्ध कराए गए हैं.
डीडी न्यूज़ ने भी ट्वीट किया है, ''अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई है. तीर्थयात्री जम्मू बेस कैंप से मंदिर के लिए निकले हैं.''
श्रद्धालुओं का कहना है, "हम लोग अपने घर से प्रण लेकर आए हैं कि भोलेनाथ के दर्शन किए बिना हम घर नहीं जाएंगे. बाबा के दर्शन करने के लिए हम यहां आए थे लेकिन ये हादसा हो गया. सरकार ने आज से यात्रा शुरू कर दी, हम बहुत प्रसन्न हैं.''
अमरनाथ गुफा के नीचे शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बहुत ज़्यादा बारिश होने के बाद जमा पानी के अचानक नीचे आ जाने की वजह से 16 लोगों को मौत हो गई थी. अभी भी लगभग 40 लोग लापता बताए जा रहे हैं.
एएनआई के मुताबिक फिलहाल 34 घायलों को वहां से बाहर निकाल लिया गया है. मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और बचाव कार्य से जुड़ीं तमाम एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में अब भी लगी हुई हैं.
-एजेंसियां

Recent Comments