रिपोर्ट : LegendNews
अब अक्षय की भागम भाग 2 भी कानूनी पचड़े में फंसी, एकता ने डायरेक्टर पर किया केस
'हेरा फेरी 3' के बाद अब अक्षय कुमार की 'भागम भाग 2' भी कानूनी पचड़े में फंस गई है। एकता कपूर ने डायरेक्टर राज शांडिल्य पर मुकदमा ठोक दिया है, जिसके बाद अक्षय, मनोज बाजपेयी, परेश रावल स्टारर 'भागम भाग 2' की शूटिंग अटक गई है। खबर है कि मार्च में फिल्म का शेड्यूल अब कोर्ट-कचहरी के चक्कर में फंसकर रुक गई है। एकता कपूर ने राज शांडिल्य पर उनके प्रोडक्शन हाउस, बालाजी मोशन पिक्चर्स के साथ तीन फिल्मों के कॉन्ट्रैक्ट को तोड़ने के लिए केस किया है। एकता के साथ डील के हिस्से के तौर पर राज को अभी इस प्रोडक्शन हाउस की तीसरी फिल्म डायरेक्ट करनी थी, लेकिन उन्होंने बालाजी मोशन पिक्चर्स के बाहर जाकर 'भागम भाग 2' की शूटिंग शुरू कर दी और एकता इससे खफा हैं।
'भागम भाग 2' साल 2006 में रिलीज प्रियदर्शन की हिट कॉमेडी थ्रिलर का सीक्वल है। इस बार फिल्म में अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ मनोज बाजपेयी, मीनाक्षी चौधरी और 'धुरंधर' की 'शरारत गर्ल' आयशा खान प्रमुख भूमिकाओं में हैं। पहले पार्ट में गोविंदा और लारा दत्ता भी थे, जो सीक्वल फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।
लखनऊ में शुरू होनी थी 'भागम भाग 2' की शूटिंग
बीते सोमवार 2 मार्च से ही लखनऊ में 'भागम भाग 2' की शूटिंग शुरू होनी थी। इसके लिए 25 दिन का शेड्यूल तय किया गया था। लेकिन, एकता कपूर और राज शांडिल्य के बीच कानूनी लड़ाई की वजह से अब शूटिंग रोक दी गई है। राज इससे पहले एकता के लिए 'ड्रीम गर्ल' और 'ड्रीम गर्ल 2' को डायरेक्ट कर चुके हैं। इन दोनों के बीच तीन फिल्मों की डील की हुई थी। लेकिन बालाजी मोशन पिक्चर्स के साथ तीसरी फिल्म करने की बजाय राज ने 'भागम भाग 2' पर काम शुरू कर दिया।
कौन हैं राज शांडिल्य , बना चुके हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड
राज शांडिल्य का जन्म साल 1985 में झांसी, उत्तर प्रदेश में हुआ है। वह एक मशहूर राइटर-डायरेक्टर हैं। साल 2007 से 2014 तक, राज शांडिल्य ने टीवी पर 'कॉमेडी सर्कस' के लिए एक कंटेंट डायरेक्टर और लीड राइटर के तौर पर काम किया था। राज ने अपने राइटिंग करियर की शुरुआत करते हुए कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और सुदेश लेहरी के लिए लगभग 350 स्क्रिप्ट और कॉमेडियन कपिल शर्मा के लिए लगभग 200 स्क्रिप्ट लिखी हैं। इस कारण राज शांडिल्य के पास 2013 में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में 625 स्क्रिप्ट लिखने का रिकॉर्ड है।
राज शांडिल्य का डायरेक्शन में डेब्यू और फिल्में
साल 2019 में, राज शांडिल्य ने एक डायरेक्टर के तौर पर कॉमेडी फिल्म 'ड्रीम गर्ल' के साथ डेब्यू किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। फिर आयुष्मान खुराना और अनन्या पांडे के साथ उन्होंने 'ड्रीम गर्ल 2' बनाई, जिसने 2023 में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। इसके बाद उन्होंने 2024 की कॉमेडी फिल्म 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' बनाया। लेकिन राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी-स्टारर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिट गई। राज इसके अलावा 'वेलकम बैक', 'फ्रीकी अली', 'भूमि', 'भैयाजी सुपरहिट', 'जबरिया जोड़ी' और 'लव की अरेंज मैरिज' के लिए डायलॉग भी लिख चुके हैं।
एकता कपूर ने किस-किस पर किया है केस
'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट के मुताबिक, एकता कपूर ने कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने का अरोप लगाते हुए राज शांडिल्य और 'भागम भाग 2' के प्रोड्यूसर्स – अश्विन वर्दे और अक्षय कुमार की केप ऑफ गुड फिल्म्स पर भी केस किया है। लिहाजा, मेकर्स ने अब प्रोजेक्ट रोक दिया है और इस मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि खबर ये भी है कि जल्द ही एक नया डायरेक्टर इस प्रोजेक्ट से जुड़ सकता है। जाहिर है, ऐसे में 'भागम भाग 2' में अब काफी देरी हो सकती है।
अक्षय कुमार की 'हेरा फेरी 3' भी कानूनी लड़ाई में फंसी
अक्षय कुमार इन दिनों लगातार कानूनी लड़ाई में उलझते जा रहे हैं। 'भागम भाग 2' से पहले प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बन रही उनकी कॉमेडी फिल्म 'हेरा फेरी 3' भी फिलहाल ठंडे बस्ते में है, क्योंकि इस बात पर कन्फ्यूजन है कि फ्रेंचाइजी के राइट्स किसके पास हैं। साल 2000 की कल्ट कॉमेडी 'हेरा फेरी' के इस तीसरे पार्ट में अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी अपने रोल दोहरा रहे हैं। लेकिन इस बीच जीपी विजयकुमार ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, और दावा किया कि फिल्म के राइट्स उनके पास हैं।
'हेरा फेरी 3' के राइट्स, यहां भी कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने के आरोप
जीपी विजयकुमार ने तर्क दिया है कि 'हेरा फेरी' और इसके 2006 के सीक्वल 'फिर हेरा फेरी' के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के पास सिर्फ पहली फिल्म बनाने के राइट्स थे। यह विजयकुमार की 1989 की मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' का रीमेक थी। लेकिन नाडियाडवाला ने अब तीसरे पार्ट के राइट्स अक्षय कुमार की 'केप ऑफ गुड फिल्म्स' को ट्रांसफर कर दिए हैं, जो कॉन्ट्रैक्ट को तोड़ना है।
-Legend News

Recent Comments