रिपोर्ट : LegendNews
अखिलेश यादव ने अचानक बदले गोरखपुर और आगरा के अपने MLC उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी एमएलसी के दो उम्मीदवारों के नाम अचानक बदल दिए हैं। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अब कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इसी तरह शिक्षक निर्वाचन आगरा खंड से प्रकाश चंद्र गुप्त की जगह पूर्व एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाए जाने का ऐलान अखिलेश यादव ने किया। उन्होंने डॉ. संजयन त्रिपाठी और डॉ. आकाश अग्रवाल के स्वागत के साथ ही कमलेश यादव और प्रकाश चंद्र गुप्त, उनके परिवारों, समर्थकों और चुनाव अभियान में जुटे लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि दोनों टिकटों में परिवर्तन, पूर्व में घोषित उम्मीदवारों की सहमति से किया गया है और एमएलसी के होने वाले चुनावों में वे पूरा सहयोग करेंगे। सपा मुखिया ने यह भी कहा कि वह इस त्याग के लिए दोनों के हमेशा आभारी रहेंगे और वक्त आने पर उन्हें उचित सम्मान भी देंगे।
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्रवान किया कि इस चुनाव में वे इन दो प्रत्याशियों के साथ पार्टी के सभी प्रत्याशियों को जिताएंगे। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस सरकार में शिक्षा और परीक्षा की व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए, सरकारी नौकरियों में भेदभाव हुआ। स्कूली शिक्षा और एजुकेशन सिस्टम कभी इतना बर्बाद नहीं हुआ जितना भाजपा के कार्यकाल में हुआ है। अखिलेश यादव ने कहा कि कई संस्थानों में गिरोह बन गए हैं। हमें उम्मीद है कि हम जनता के बीच में जाकर इन सवालों को रखेंगे। सबसे बड़ा सवाल शिक्षकों के साथ भेदभाव का है। तदर्थ शिक्षकों, वित्त विहीन, शिक्षा मित्र और ओल्ड पेंशन स्कीम जैसे मुद्दों को हम समाजवादी पार्टी घोषणा पत्र में रखेंगे।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोगों ने गलत तरीके से वोट बनवाए। उन्होंने उम्मीद जताई की दो अनुभवी लोगों के आने से जीत पक्की होगी। सपा प्रमुख ने कहा कि पिछले 10 साल में जिस तरह शासन, प्रशासन और पुलिस का व्यवहार रहा, सुप्रीम कोर्ट ने उन सबको ध्यान में रखते हुए हाल में टिप्पणी की है। गोरखपुर के एक साथी ने सड़क पर पानी भरा होने का वीडियो डाला तो उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो गई। संतकबीरनगर में एक सम्मानित पहलवान की हत्या हो गई। कितनी घटनाएं हम बताएं। अब तो सुप्रीम कोर्ट कह रहा है कि यहां की पुलिस बर्बाद हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले भी किसानों के पक्ष में फैसले लिए थे। नेताजी (स्व. मुलायम सिंह यादव) ने एक समय पर 10 हजार रुपए के कर्ज वापस लिए थे। सपा का घोषणा पत्र आने वाला है। जब बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ हो सकते हैं तो किसानों के क्यों नहीं हो सकते? घोषणा पत्र का इंतजार करिए। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में आज शिक्षा और परीक्षा ध्वस्त हो चुकी है। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह ठप है। सपा की सरकार बनी तो प्रदेश में गरीबों का मुफ्त इलाज कराएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने कभी युवाओं को लैपटॉप दिया था। आज युवा मोबाइल-लैपटॉप से सरकार को घेरने का काम करते हैं। नई पीढ़ी विकास चाहती है, यह रूढ़िवादी लोगों को पसंद नहीं है।
-Legend News

Recent Comments