रिपोर्ट : LegendNews
आकाश आनंद ने पार्टी छोड़कर जाने का किया खंडन, मायावती से मांगी माफी
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने पार्टी छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में जाने की ख़बरों का खंडन किया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इस बारे में मायावती को संबोधित करते हुए लिखा है, ''आप मेरी राजनैतिक गुरु हैं. मेरी प्रेरणा हैं और मेरी बुआ माँ भी हैं.''
''राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा, जो कुछ किया, आपके मार्गदर्शन में किया. इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूं.''
उन्होंने लिखा, ''पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की ख़बरें और अफ़वाहें चल रही हैं. मैं साफ़ कर देना चाहता हूं- मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा. न आज, न कभी. बीएसपी मेरे लिए सिर्फ़ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है.''
आकाश आनंद ने अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने का समर्थन किया है.
उन्होंने लिखा, ''श्री अशोक सिद्धार्थ जी को पार्टी से निकालने और उनके संन्यास का आपका फ़ैसला पूरी तरह उचित है, और मैं उस फ़ैसले के साथ खड़ा हूं. रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उनसे बड़ा है. व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी ज़िम्मेदारी है.''
''उस समय मैंने ख़ुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपके उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया. मेरी उस चुप्पी को ग़लत समझा गया, और अफ़वाहों को जगह मिली. अगर इससे आपको ठेस पहुँची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं.''
इस महीने मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकालते हुए कहा था कि वह भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में तभी वापस लेंगी, जब उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास लेंगे.
अशोक सिद्धार्थ ने कहा था कि बहन जी का हर आदेश उनके लिए अंतिम है.
उन्होंने आकाश आनंद को गुमराह करने और पार्टी पर कब्जे की कोशिश के आरोपों को साजिश बताया था.
अशोक सिद्धार्थ ने यह भी कहा था कि उनके संन्यास को आकाश आनंद की वापसी से न जोड़ा जाए. आकाश पहले मायावती के भतीजे हैं, बाद में उनके दामाद.
उन्होंने कहा था, ''अगर मेरी मौजूदगी बहुजन मिशन को नुकसान पहुंचा रही है तो मैं इसी वक्त राजनीतिक और सामाजिक जीवन से संन्यास लेने को तैयार हूं.''
-Legend News

Recent Comments