रिपोर्ट : LegendNews
आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं ऐश्वर्या राय बच्चन, 1994 में बनी थीं मिस वर्ल्ड
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन 1 नवंबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। साल 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली ऐश्वर्या ने अपने अभिनय और खूबसूरती से दुनियाभर में पहचान बनाई। तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने कई ऐसे मुकाम हासिल किए, जो उन्हें दूसरी अभिनेत्रियों से अलग बनाते हैं। उनके नाम पर ट्यूलिप फूल का नाम रखा गया, वह दो बार ओपरा विन्फ्रे के शो में पहुंचीं और हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों के लिए भी चर्चा में रहीं। आइए जानते हैं ऐश्वर्या की 6 खास उपलब्धियां।
1. ऐश्वर्या के नाम पर रखा गया ट्यूलिप का नाम
साल 2005 में नीदरलैंड दौरे के दौरान ऐश्वर्या राय के सम्मान में एक खास हाइब्रिड ट्यूलिप का नाम 'ऐश्वर्या' रखा गया था। ये फूल नीदरलैंड के मशहूर केयूकेनहॉफ गार्डन में देखने को मिलते हैं। यह उनके अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता का खास उदाहरण माना जाता है।
2. शाहरुख खान की बहन और प्रेमिका दोनों बनीं
ऐश्वर्या राय ने फिल्मों में शाहरुख खान के साथ अलग-अलग रिश्ते निभाए हैं। साल 2000 में आई फिल्म 'जोश' में वह शाहरुख की बहन बनी थीं। वहीं 'मोहब्बतें' और 'देवदास' में दोनों की रोमांटिक जोड़ी नजर आई। एक ही अभिनेता के साथ ऐसे दो अलग रिश्ते निभाना उनके फिल्मी करियर का दिलचस्प पहलू है।
3. जेन ऑस्टिन के उपन्यासों पर बनी दो फिल्मों में किया काम
ऐश्वर्या राय ने मशहूर लेखिका जेन ऑस्टिन के दो उपन्यासों पर आधारित फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई। साल 2000 की तमिल फिल्म 'कंदुकोंडेन कंदुकोंडेन' उपन्यास 'सेंस एंड सेंसिबिलिटी' पर आधारित थी। इसमें उन्होंने मीनू का किरदार निभाया। इसके बाद 2004 में आई 'ब्राइड एंड प्रेजुडिस' में वह ललिता बख्शी बनीं। यह फिल्म 'प्राइड एंड प्रेजुडिस' से प्रेरित थी।
4. दो बार पहुंचीं ओपरा विन्फ्रे के शो में
ऐश्वर्या राय साल 2005 में पहली बार मशहूर अमेरिकी शो 'द ओपरा विन्फ्रे शो' में पहुंची थीं। यहां उन्होंने भारतीय संस्कृति, शादी और सामाजिक परंपराओं पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने ओपरा को साड़ी पहनना भी सिखाया। साल 2009 में वह दोबारा शो में पहुंचीं और इस बार उनके साथ पति अभिषेक बच्चन भी थे।
5. मेरिल स्ट्रीप के साथ साइन की फिल्म, ब्रैड पिट की फिल्म को किया मना
ऐश्वर्या ने हॉलीवुड अभिनेत्री मेरिल स्ट्रीप के साथ फिल्म 'केओस' साइन की थी। हालांकि, यह फिल्म कभी बन नहीं पाई। इसके अलावा उन्हें ब्रैड पिट के साथ फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज स्मिथ' में काम करने का प्रस्ताव भी मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इंटीमेट और किसिंग सीन के कारण इस फिल्म को करने से मना कर दिया था।
6. एक समय थीं 17 हजार फैन वेबसाइट्स
साल 2004 में इंटरनेट के शुरुआती दौर में ऐश्वर्या राय की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके नाम पर करीब 17 हजार फैन वेबसाइट्स बनाई गई थीं। इनमें दुनियाभर के प्रशंसक शामिल थे। खास बात यह थी कि इन वेबसाइट्स में से उन्होंने केवल एक को आधिकारिक तौर पर अधिकृत किया था।
ऐश्वर्या राय बच्चन का सफर मिस वर्ल्ड का ताज जीतने से शुरू होकर अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा और बड़े वैश्विक मंचों तक पहुंचा है। यही वजह है कि वह आज भी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित और पहचानी जाने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं।
-Legend News

Recent Comments