अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को मंगलवार को कैंसिल कर दिया गया। AI 171 की जगह अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के AI 159 प्लेन में भी तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह से फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। 

हांगकांग- दिल्ली फ्लाइट में तकनीकी समस्या

इससे पहले सोमवार को हांगकांग से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को वापस उसके मूल हवाई अड्डे पर लाया गया, क्योंकि पायलट को तकनीकी समस्या का संदेह था। फ्लाइट हांगकांग में सुरक्षित उतर गई है, सभी यात्री उतर चुके हैं और विमान की जांच की जा रही है। फ्लाइट हांगकांग से दोपहर 12.16 बजे (स्थानीय समयानुसार) रवाना हुई और इसे दोपहर 12.20 बजे भारतीय समयानुसार दिल्ली उतरना था।  

सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट में तकनीकी समस्या

वहीं, एयर इंडिया ने अपनी सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे कोलकाता में निर्धारित ठहराव पर ही समाप्त कर दिया। उड़ान को समाप्त किए जाने के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और ‘बोइंग777-200 एलआर’ के 211 यात्री, अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने में लग गए कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए। 

यात्रियों को हुई परेशानी

यह घटना 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की उड़ान के उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया फंसे हुए यात्रियों को मुंबई ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था कर रही है। सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के बाद की नियमित जांच के दौरान तकनीकी खामी का पता चला जिसके बाद विमानन कंपनी ने व्यापक जांच का निर्णय लिया।  

241 लोगों की हुई थी मौत

बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। विमान जिस बिल्डिंग पर गिरा था, वहां भी कई लोग मारे गए थे। विमान क्रैश में जान गंवाने वाले लोगों में कई ऐसे लोग थे जिनका पूरा परिवार ही खत्म हो गया। 
- Legend News
 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).