अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा से पहले भारत के साथ रक्षा सहयोग से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है. अमेरिका ने इसे दोनों देशों के रक्षा संबंधों के लिए ‘अच्छी ख़बर’ बताया है.
दक्षिण और मध्य एशिया से संबंधित अमेरिकी नीति देखने वाला ब्यूरो ऑफ़ साउथ एंड सेंट्रल एशियन अफेयर ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दी.
ब्यूरो ने बताया कि भारत के रक्षा मंत्रालय ने अपने 24 एसएस-60आर सीहॉक हेलिकॉप्टरों के लिए सस्टेनमेंट पैकेज पर हस्ताक्षर किए हैं. इन हेलिकॉप्टरों का विकास लॉकहीड मार्टिन ने किया है.
बयान के अनुसार 94.6 करोड़ डॉलर का यह पैकेज भारतीय नौसेना की समुद्री क्षमताओं को मज़बूत करेगा और अमेरिका सहित क्षेत्रीय साझेदारों के साथ तालमेल बढ़ाएगा.
अमेरिका ने कहा कि यह क़दम दोनों देशों को अधिक सुरक्षित और समृद्ध बनाने में मदद करेगा.
24 एसएस-60आर सीहॉक हेलिकॉप्टर को बनाने वाली कंपनी इसे समुद्र में काम करने वाला दुनिया का सबसे अच्छा हेलिकॉप्टर कहती है, जिसे ख़ास तौर पर समुद्री जहाज़ से उड़ने और उतरने के लिए बनाया गया है.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं. उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई मुद्दों पर चर्चा होनी है. 
राष्ट्रपति पुतिन को लेकर क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप? 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और उनके दामाद जैरेड कशनर की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अच्छी बैठक हुई.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि उनके सलाहकारों का मानना है कि व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के साथ युद्ध ख़त्म करना चाहते हैं. यह बयान अमेरिका और रूस के प्रतिनिधियों की मुलाक़ात के बाद आया है.
उन्होंने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, "मुझे नहीं पता कि रूस क्या कर रहा है. मैं इतना कह सकता हूं कि उनकी राष्ट्रपति पुतिन से काफ़ी अच्छी मीटिंग हुई है. हम आगे पता लगाएंगे. ये वो युद्ध है, जिसे कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था."
इससे पहले यूक्रेन युद्ध पर पुतिन और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ के बीच रूस में बातचीत हुई थी.
बैठक में मौजूद पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया था कि बातचीत 'रचनात्मक' रही, लेकिन 'अब भी और काम किए जाने की ज़रूरत है'.
उशाकोव ने यह भी कहा कि यूक्रेन जो इलाके वापस मांग रहा है, उस मुद्दे पर 'कोई समझौता' नहीं हुआ है. 
-Legend news

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).