रिपोर्ट : LegendNews
आगरा: ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास का शुद्धिकरण: मां बोलीं, जिन्होंने गंदा बोला... भगवान उनका भला करे
आगरा। विजय नगर कॉलोनी स्थित मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास का मंगलवार को शुद्धिकरण किया गया. अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा और विजय नगर कॉलोनी की महिलाओं ने राधा-कृष्ण मंदिर से ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास तक कलश यात्रा निकाली. घर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गंगाजल से घर का शुद्धिकरण किया. शंख और घंटे की ध्वनि के बीच धार्मिक अनुष्ठान किया.
इसके बाद सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया. मुख्य चुनाव आयुक्त की मां सत्यवती और अन्य महिलाओं ने कहा कि जिन्होंने आवास पर आकर अराजकता फैलाई. गंदा काम किया. गंदा बोला. भगवान उनका भला करे. उन सबकी बुद्धि सही हो. भगवान सब सही करेंगे.
बता दें कि 28 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर कांग्रेसियों ने SIR को लेकर प्रदर्शन किया था. कांग्रेसियों ने आवास के मुख्य गेट पर कालिख पोत थी. ‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा था. इसके बाद हरिपर्वत थाना पुलिस ने कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनिल यादव और मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर समेत अन्य कांग्रेसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी.
अराजकता और नेगेटिविटी की वजह से शुद्धिकरण : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मां सत्यवती ने कहा कि पिछले सोमवार यानी 28 सितंबर को कांग्रेसियों के कुछ अराजक तत्व आए थे. यहां अराजकता फैलाई. नेगेटिविटी फैलाई. उन्होंने यहां पर अच्छा व्यवहार नहीं किया. घर को गंदा किया था. आज यहां पर सुंदरकांड का पाठ किया. कलश यात्रा निकाली. घर को शुद्ध किया है. भगवान करें सबकी बुद्धि सही हो. सभी सदमार्ग पर चलें.
विपक्ष ने गलत किया : विजय नगर निवासी निशा गुप्ता ने बताया कि विपक्ष ने जो यहां पर गंदा लिखा. यहां पर आकर जो बोला. यह गलत किया था. इसके शुद्धिकरण के लिए हमने आज हनुमान चालीसा का पाठ और सुंदरकांड किया है. गंगा जल से घर को शुद्ध किया है.
यह घटना एक राक्षसी प्रवृति : भाजपा नेत्री उपमा गुप्ता ने बताया कि कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास पर प्रदर्शन किया था. नारेबाजी और हंगामा किया. कालिख भी पोती थी. ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त हैं. जो संवैधानिक पद है. यह घटना एक राक्षसी प्रवृत्ति की है. आवास पर मुख्य चुनाव आयुक्त के वृद्ध माता पिता रहते हैं. वह बेहद आहत हुए. उनका परिवार समाज सेवा में लगा है. इसलिए, आज पूरे विजय नगर के लोग भी आहत हुए हैं.
- Legend News

Recent Comments