एक्ट्रेस ईशा गुप्ता अबू धाबी में फंसी थीं और घर वापस लौटने की कोशिश कर रही थीं, और अब वह वापस इंडिया लौट आई हैं। फैंस को सोशल मीडिया के जरिए यह खुशखबरी दी है। मालूम हो कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चार दिनों से चल रहे युद्ध के कारण मिडल ईस्ट में हालात बुरी तरह बिगड़े हुए हैं। उड़ानें रद्द हैं, एयरस्पेस बंद हैं, जिसके कारण कई भारतीय और सेलिब्रिटीज दुबई में फंस गए। ईशा गुप्ता भी अबू धाबी में थीं और वहीं फंस गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वहां के हालात के बारे में जानकारी देते हुए लिखा था कि बहुत ही डरावना वक्त है। हालांकि, अब खुशी की बात यह है कि ईशा गुप्ता भारत वापस अपने घर लौट आई हैं। साथ ही वहां के हालातों के बारे में जानकारी दी है।
ईशा गुप्ता ने घर वापस लौटने की जानकारी देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'घर वापस आ गई हूं। आप सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम सभी जिस परिस्थिति से गुजरे, वह बहुत कठिन थी। हम सब सुरक्षित रहे, यह सचमुच ईश्वर का आशीर्वाद है।' पोस्ट में ईशा ने UAE सरकार, एयरलाइंस और होटल स्टाफ का भी शुक्रिया अदा किया। 
ईशा गुप्ता ने सुनाई 28 फरवरी की आपबीती, अबू धाबी एयरपोर्ट पर क्या हुआ?
मालूम हो कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर मिसाइलों से हमला बोल दिया था। इसमें सैंकड़ों लोग मारे गए और ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई भी मारे गए। उस दिन का हाल बताते हुए ईशा गुप्ता ने लिखा, 'यह सब 28 फरवरी (शनिवार) को शुरू हुआ जब मैं एयरपोर्ट पर थी। दोपहर 1 बजे तक एयरपोर्ट बंद हो चुका था। चारों ओर अफरा-तफरी मची हुई थी क्योंकि हममें से किसी को भी पता नहीं था कि क्या हुआ है। फिर मिसाइल हमले की खबरें आने लगीं, और किसी को नहीं पता था कि अगले ही पल हमारे लिए क्या होने वाला है। अजनबी एक-दूसरे को सांत्वना दे रहे थे। सभी अपने-अपने परिवारों को घर फोन कर रहे थे।' 
होटल स्टाफ और एयरपोर्ट अथॉरिटीज ने ऐसे की मदद
ईशा गुप्ता ने फिर अबू धाबी एयरपोर्ट अथॉरिटीज होटल स्टाफ की तारीफ की। बताया कि कैसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए वहां मौजूद सिक्योरिटी टीम तुरंत एक्टिव हो गई। यात्रियों को उपलब्ध होटलों में भेजा गया। ईशा ने लिखा, 'यहां मैं यह बताना चाहूंगी कि मैंने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) देश की ताकत देखी। हम अबू धाबी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर थे। ग्राउंड स्टाफ और एयरपोर्ट की सिक्योरिटी तुरंत हरकत में आ गई और हम सभी के एक साथ इस स्थिति में होने के बावजूद पूरी तरह शांत रहे। तब तक मैंने खुद चेक-इन नहीं किया था, इसलिए मैं मुड़ी और अबू धाबी में अपने होटल के लिए निकल गई।' 
हम डरे हुए थे, सब साथ थे पर कोई अफरा-तफरी नहीं थी 
ईशा गुप्ता ने आगे लिखा, 'होटल मैनेजमेंट के लोग उन्हीं कपड़ों में थे, जो उन्होंने पिछली रात पहने थे। वो लगातार काम पर लगे हुए थे, एक्टिव थे और हर चीज का ध्यान रख रहे थे। यहां तक कि जिन सवालों के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी, उनके भी यथासंभव जवाब दे रहे थे। डिलीवरी कर्मचारी भी अपना काम कर रहे थे। कहीं भी किसी भी सेवा की कोई कमी नहीं थी। सिक्योरिटी अलर्ट के कारण लॉबी लोगों से भरी हुई थी। हम भी उनमें शामिल थे, डरे हुए थे, लेकिन कोई अफरा-तफरी नहीं थी। होटल सिक्योरिटी सभी को आश्वस्त करती रही। हमने एक बार भी लोगों को तनाव में नहीं देखा, जबकि वो अंदर से डरे हुए थे। हम सब एक साथ थे।' 
दुबई-अबू धाबी में फंसे रहे ये भारतीय सेलेब्स
मालूम हो कि दुबई में और जो सेलेब्स फंसे थे, उनमें ईशा गुप्ता के अलावा सोनल चौहान, विष्णु मांचू, एरिका फर्नांडिस, एक्टर अजीत कुमार, बेडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू और बंगाली फिल्म एक्ट्रेस शुभाश्री गांगुली का नाम शामिल है। हालांकि, अब पीवी सिंधू, ईशा गुप्ता और सोनल चौहान वापस इंडिया सही सलामत लौट आई हैं।
ईरान पर हमले के 4 दिन, खामेनेई की मौत के विरोध में दुनियाभर में प्रदर्शन
मालूम हो कि ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले को चार दिन हो चुके हैं, पर खामेनेई के मारे जाने के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। दुनियाभर में विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं। कोच्चि से लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ और जम्मू-कश्मीर समेत भारत के कई हिस्सों में खामेनेई की मौत के विरोध में प्रदर्शन चल रहे हैं। श्रीनगर लगातार दो दिनों से बंद है। इस युद्ध के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगातार चौथे दिन भी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। चौथे दिन यानी 3 मार्च को आईजीआई एयरपोर्ट से 80 इंटरनेशनल उड़ानें रद्द कर दी गईं। इजरायल-अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने पलटवार किया और कई अमेरिकी अड्डों को निशाना बनाया। उसने इजरायल और यूएई पर भी मिसाइलें दागीं। 
-Legend news

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).