रिपोर्ट : LegendNews
सड़क दुर्घटना में घायल हुए अभिनेता आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी रूपाली बरुआ
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और फूड ब्लॉगर आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी रूपाली बरुआ बीती देर रात गुवाहाटी के जू रोड के पास एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। यह घटना गीता नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले जू रोड पर स्थित गुवाहाटी एड्रेस होटल के सामने आधी रात के आसपास हुई।
मोटरसाइकिल से हुई टक्कर
पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि चांदमारी की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल ने अभिनेता और उनकी पत्नी को टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों घायल हो गए जबकि मोटरसाइकिल सवार को भी गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही गीता नगर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल मोटरसाइकिल सवार को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया। वहीं अभिनेता और उनकी पत्नी रूपाली को भी चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
खाना खाकर सड़क पार कर रहे थे कपल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कपल जू तिनियाली के पास स्थित गुवाहाटी एड्रेस रेस्तरां में खाना खाने गए थे। वे वहां से खाना खाने के बाद बाहर निकले थे और सड़क पार कर रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। अचानक से तेज रफ्तार एवेंजर मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।
आशीष विद्यार्थी ने वीडियो जारी कर बताया हाल
इस घटना के बाद आशीष विद्यार्थी ने अपने फैंस और शुभचिंतकों के लिए एक वीडियो जारी कर खुद के ठीक होने की जानकारी दी है। वीडियो में उन्होंने कहा, ‘रूपाली और मैं सड़क पार कर रहे थे तभी एक बाइक ने हमें टक्कर मार दी। हम दोनों ठीक हैं। रूपाली की निगरानी की जा रही है और सब ठीक है। मुझे मामूली चोट आई है और मैं बिल्कुल ठीक हूं।’ अभिनेता ने लोगों से इस घटना को सनसनीखेज न बनाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि घायल बाइकर को होश आ गया है और उन्होंने उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना व्यक्त की। इमरजेंसी में एम्प्लॉय ने हमारी बहुत अच्छी देखभाल की है। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।
फूड व्लॉगर बन गए हैं आशीष
कई फिल्मों में अपने लंबे करियर के अलावा आशीष विद्यार्थी ने हाल ही में एक फूड और ट्रैवल व्लॉगर के रूप में लोकप्रियता हासिल की है। असम और पूर्वोत्तर के यात्रा और व्यंजनों पर आधारित उनके यूट्यूब चैनल के वर्तमान में लगभग 24 लाख सब्सक्राइबर हैं।
-Legend News

Recent Comments