कृषि सेक्टर में भारत लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इस बीच चावल उत्पादन में हिंदुस्तान ने चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया में पहला स्थान हासिल कर दिया है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश को ये गुड न्यूज दी है। उन्होंने कहा कि भारत चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गया है। शिवराज सिंह चौहान ने लखनऊ में भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान की ओर से आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान चौपाल को संबोधित करते हुए ये बात कही। 
शिवराज ने देश को दी गुड न्यूज़ 
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि एक समय था जब हम अपनी जरूरत के हिसाब से पर्याप्त गेहूं पैदा नहीं कर पाते थे। उन्होंने दावा किया पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भारत पीएल-480 के तहत अमेरिका जैसे देशों से लाल गेहूं आयात करता था, जो वहां पशु खाते थे। इस अवसर पर उन्होंने किसानों के साथ सीधा संवाद किया और खेती की चुनौतियों, मिट्टी की उर्वरता और कृषि को टिकाऊ, लाभकारी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। 
चावल उत्पादन में टॉप पर पहुंचा भारत
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब देश में खाद्यान्न का पर्याप्त उत्पादन हो रहा है और अन्न के भंडार भरे हुए हैं। दुनिया को चलाने के लिए भोजन जरूरी है। हमारे किसान देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अब आवश्यकता है कि उत्पादन के साथ-साथ धरती की सेहत को भी सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सड़कें भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं, जितनी खेती के लिए अन्य सुविधाएं।
किसानों को लेकर कई बड़े एलान
शिवराज बोले कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 374 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है। इसके लिए 544 करोड़ 62 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चौहान ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे रासायनिक उर्वरकों का उपयोग आवश्यकता से अधिक न करें। किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड के माध्यम से अपनी मिट्टी की जांच अवश्य करानी चाहिए। 
कृषि मंत्री की किसानों से खास अपील
कृषि मंत्री ने कहा कि कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से खेती में फसलों के लिए उपयोगी अनेक जीव भी समाप्त हो रहे हैं इसलिए संतुलित उर्वरक प्रबंधन और कीटनाशकों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल आवश्यक है। कृषि मंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिन किसानों के पास पांच बीघा जमीन है, वे कम से कम एक बीघा भूमि पर प्राकृतिक खेती करें। कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण अभियान के साथ हुई। शिवराज सिंह चौहान ने संस्थान परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).