रिपोर्ट : LegendNews
अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन पर अभी पूरी तरह खुश नहीं है उनके मेंटर युवराज सिंह
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के करो या मरो के मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की 72 रनों की शानदार जीत ने न केवल टीम को सेमीफाइनल की रेस में बनाए रखा, बल्कि युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के करियर को भी नई संजीवनी दी। लगातार फ्लॉप होने के बाद अभिषेक ने चेन्नई में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप अर्धशतक जड़ा। इस शानदार वापसी पर उनके मेंटर और पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने एक खास अंदाज में उन्हें बधाई दी है। इसके अलावा उन्होंने अभिषेक शर्मा के पोस्ट पर कमेंट कर मजे भी लिए हैं।
युवराज सिंह का खास संदेश
अभिषेक शर्मा की फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों के बीच युवराज सिंह ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक संदेश साझा किया। युवी ने लिखा, 'सबसे अच्छी बातचीत वही होती है जब आप अपने बल्ले को बोलने देते हैं! बहुत अच्छी पारी सर अभिषेक, इसे जारी रखो।' युवराज ने हमेशा अभिषेक का मार्गदर्शन किया है, और टूर्नामेंट के सबसे अहम मोड़ पर उनके बल्ले से निकले रन युवराज के भरोसे की जीत की तरह हैं। इसके अलावा जब अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया तब युवराज सिंह ने उनके इस पोस्ट पर चप्पल का इमोजी कमेंट किया। युवराज सिंह कहीं न कहीं अभी भी अभिषेक शर्मा से प्रदर्शन से पूरी तरह से खुश नहीं हो सके हैं।
तीन बार डक पर आउट होने का भूत उतरा
अभिषेक शर्मा के लिए इस वर्ल्ड कप की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही थी। वह शुरुआती तीन मैचों में लगातार शून्य पर आउट हुए थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने 15 रन बनाकर खाता तो खोला, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक जड़ने के बाद अभिषेक ने राहत की सांस ली। उन्होंने ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए कहा, 'मैं काफी समय से इस पल का इंतजार कर रहा था, आखिरकार यह हुआ। मैं वास्तव में बहुत खुश हूं।'
चेन्नई में टीम इंडिया का पावर शो
अभिषेक के अलावा चेन्नई में भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर गदर मचाया। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन बनाकर लय पकड़ी, जबकि ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने भी उपयोगी योगदान दिया। पारी के अंत में हार्दिक पंड्या के 23 गेंदों वाले अर्धशतक और तिलक वर्मा की 16 गेंदों में 44 रनों की तूफानी पारी ने भारत को 256/4 के रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया। 72 रनों की इस बड़ी जीत के साथ भारत ने सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिम्बाब्वे टीम को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया है।
-Legend News

Recent Comments