विपक्षी एकता की कोशिशों के बीच कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के रिश्तों में दरार और गहरी होती दिख रही है. ताजा विवाद राहुल गांधी के मलेशिया दौरे को लेकर सामने आया है. आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी पर खुल्लमखुल्ला हमला बोलते हुए कहा है कि जब पंजाब बाढ़ से जूझ रहा है, तब कांग्रेस नेता विदेश घूम रहे हैं.
AAP के मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने राहुल गांधी की मलेशिया यात्रा की तस्वीर X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए तीखा तंज कसा. उन्होंने लिखा, पंजाब में चुनाव होगा तो ये इंसान वोट मांगने पहुँच जाएगा लेकिन आज पंजाब बाढ़ से जूझ रहा है तो ये जनाब मलेशिया घूम रहे हैं? ढांडा के इस बयान ने न सिर्फ कांग्रेस और AAP के बीच तल्ख़ी बढ़ा दी है, बल्कि विपक्षी एकता की कोशिशों को भी सवालों के घेरे में ला दिया है.
सारी पार्टियों की यही स्थि‍त‍ि
अनुराग ढांडा ने कहा, पूरा उत्तर भारत इस वक्त बाढ़ की चपेट में है. जहां उनकी सरकार है हिमाचल वहां भी बाढ़ आ रही है और जहां वह मुख्य विपक्षी दल है पंजाब वहां पर भी बाढ़ है. कांग्रेस के देश के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी विदेशी भ्रमण पर है. जब जब देश में मुसीबत होती है तब तक राहुल गांधी देश से बाहर चले जाते हैं. क्या इस तरह से बाढ़ में वह अपना योगदान देंगे और जब वोट मांगने की बारी आएगी तो वहां पहुंच जाएंगे और यात्रा करेंगे. सारी पार्टियों की आज के दिन में लगभग यही स्थिति है कि जब मुसीबत होगी तो गायब हो जाएंगे. अब मोदी जी को ही ले लीजिए. अभी तक उन्होंने किसी मुआवजा का ऐलान नहीं किया है और तो और पंजाब का बकाया 60000 करोड़ रुपया भी नहीं दिया है. बता रहे हैं कि मोदी जी 9 तारीख को पंजाब जा रहे हैं क्या करेंगे वहां जाकर जो पंजाब का बकाया है वह जारी करें. 
बाढ़ से बेहाल पंजाब, विपक्ष पर उठ रहे सवाल
पंजाब में बीते हफ्ते से लगातार बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. कई जिलों में गांव डूबे हुए हैं, सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है. राज्य सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है, लेकिन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज़ हो गया है. जहां एक ओर AAP की पंजाब सरकार हालात से निपटने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि उसका शीर्ष नेतृत्व इस संकट के समय कहीं और व्यस्त है. 
केजरीवाल ने भी कांग्रेस को घेरा था
यह पहला मौका नहीं है जब AAP ने कांग्रेस को घेरा हो. इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी कांग्रेस पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन में रहते हुए अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और जनता के मुद्दों पर गंभीरता दिखानी चाहिए. केजरीवाल कई बार यह साफ कर चुके हैं कि AAP किसी भी हाल में अपने राज्य हितों से समझौता नहीं करेगी, चाहे विपक्षी गठबंधन कितना भी बड़ा क्यों न हो.
विपक्षी एकता पर असर?
कांग्रेस और AAP दोनों INDIA गठबंधन के हिस्से हैं, जो 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए एक साथ आने का दावा कर रहा है. लेकिन बार-बार के इन टकरावों ने विपक्षी खेमे की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस की ओर से अब तक राहुल गांधी की मलेशिया यात्रा पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन AAP नेताओं की इस आक्रामक रणनीति ने साफ़ कर दिया है कि पंजाब जैसे राज्यों में सीटों को लेकर तनातनी और बढ़ सकती है. 
जनता की नजर में संदेश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि AAP की इस टिप्पणी से कांग्रेस की छवि को झटका लग सकता है, खासकर पंजाब में जहां राहुल गांधी खुद किसानों और युवाओं से जुड़ने की कोशिश करते रहे हैं. दूसरी ओर, AAP यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि उसकी सरकार और नेता जनता के मुद्दों पर खड़े हैं जबकि कांग्रेस नेतृत्व संवेदनशील वक्त पर गायब है. विपक्षी पार्टियों की एकजुटता को पहले ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. सीट बंटवारा, क्षेत्रीय समीकरण और नेतृत्व को लेकर असहमति. अब AAP और कांग्रेस के बीच यह खुली तकरार विपक्षी गठबंधन के भविष्य पर और भी सवालिया निशान खड़े कर रही है.
-Legend News 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).