पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमत में गिरावट और मजबूत वैश्विक संकेतों से आज शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स 1695.40 अंक यानी 2.30% तेजी के साथ 75,527.95 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी10 इंडेक्स भी 461.30 अंक यानी 1.99% ऊपर 23,622.90 अंक पर बंद हुआ। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 462 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपया 0.7% तेजी के साथ 95.11 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 95.76 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा 5.62 फीसदी तेजी रही। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, इंडिगो, टाइटन, इटरनल, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, रिलायंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल और कोटक बैंक में उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। 
ब्रॉडर मार्केट का हाल
निफ्टी में श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो में सबसे ज्यादा तेजी आई। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 2.43 फीसदी और निप्टी स्मॉलकैप में 2.8 फीसदी तेजी आई। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी रियल्टी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में तीन फीसदी से ज्यादा तेजी आई। दूसरी ओर निफ्टी आईटी ने अंडरपरफॉर्म किया।
शेयर बाजार में क्यों आई तेजी?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ डील पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने का भी आदेश दिया है। उनका कहना है कि अगले कुछ दिनों में डील पर साइन हो जाएंगे और इसके साथ ही होर्मुज स्ट्रेट खुल जाएगा। इससे कच्चे तेल की कीमत में भी आज गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड अभी 1.67 फीसदी गिरावट के साथ 88.87 डॉलर प्रति बैरल पर है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).