रिपोर्ट : LegendNews
कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की उड़ान में सवार भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ करते हुए उन्हें 'हीरो' बताया है.
पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह कहा है कि स्मित की बहादुरी की वजह से एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, कैप्टन स्मित मच्छर एक हीरो हैं. सबसे बड़े ख़तरे के सामने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत साहस और मज़बूत हौसला दिखाया.
उन्होंने लिखा, उनके साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली. भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है. उनके जल्द ठीक होने, नई ताक़त और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मच्छर को 'हीरो' बताया है.
वहीं, सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने बताया है कि स्मित अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फ़्लाईदुबई फ़्लाइट के पायलट भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ़ की है.
द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि पायलट की बहादुरी और तुरंत कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को रोकने में मदद की है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "देश को कैप्टन स्मित मच्छर पर गर्व है. उनकी बहादुरी और मुश्किल समय में तुरंत सही फ़ैसला लेने की उनकी क्षमता ने हम सभी को बहुत प्रभावित किया है."
"गंभीर खतरे के बीच गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी वह दूसरों की जान बचाने के लिए डटे रहे. उनकी बहादुरी और तुरंत कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को रोकने में मदद की और कई कीमती जानें बचाईं."
उन्होंने कहा, "मैं उनके मजबूत हौसले को सलाम करती हूं. मैं उनके जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं."
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी कैप्टन स्मित की प्रशंसा करते हुए कहा कि दुनिया भर में उनकी बहादुरी को सलाम किया जा रहा है.
जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छर की असाधारण बहादुरी और गंभीर खतरे के बीच भी तुरंत सही फ़ैसला लेने की उनकी क्षमता ने कल सैकड़ों लोगों की जान बचाई और एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया."
उन्होंने लिखा, "दुनिया भर से उनकी बहादुरी को सलाम करने और उनके जल्द ठीक होने की दुआ करने वाली अनगिनत आवाजों में आप भी शामिल हों."
-Legend News

Recent Comments