रिपोर्ट : LegendNews
शरद पवार को बड़ा झटका, पार्टी के बड़े नेता समरजीतसिंह घाटगे बीजेपी में शामिल
महाराष्ट्र के शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-SP) को बड़ा झटका लगा है। बुधवार को पार्टी के बड़े नेता समरजीतसिंह घाटगे अपने समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सभी का स्वागत किया। कागल से आने समरजीतसिंह घाटगे ने 2024 के विधानसभा चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कद्दावर नेता हसन मुश्रीफ को तगड़ी टक्कर दी थी। अजित पवार के वरदहस्त के बाद भी मुश्रीफ बतौर एनसीपी-महायुति कैंडिडेट सिर्फ 11,581 वोटों से जीत पाए थे। समरजीतसिंह घाटगे की बीजेपी में एंट्री ने मुश्रीफ की टेंशन बढ़ा दी है।
कोल्हापुर में बदलेंगे समीकरण
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेता तथा शाहू उद्योग समूह के अध्यक्ष राजे समरजीतसिंह घाटगे, उनके पुत्र राजे अखिलेश सिंह, राजे विरेंद्रसिंह घाटगे, पंचायत समिती की सभापती सुवर्णा पाटील, उपनगराध्यक्ष जयंत रावण सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने बीजेपी में प्रवेश लिया है। इन सभी की एंट्री से कोल्हापुर जिले में समीकरण बदलेंगे। बीजेपी और मजबूत हो जाएगी। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, सांसद धनंजय महाडिक, राजवर्धन नाईक निंबालकर, वरिष्ठ नेता प्रकाश आवाडे, भाजपा मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन ने सभी का स्वागत किया।
घाटगे बन सकते हैं मुख्य चेहरा
बीजेपी प्रदेश प्रमुख रविंद्र चव्हाण ने कहा कि समरजीतसिंह घाटगे के प्रवेश से कोल्हापुर जिले में बीजेपी की ताकत और बढ़ेगी। बीजेपी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए अनुकूल वातावरण है। घाटगे के नेतृत्व में आगे सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिस विश्वास के साथ घाटगे ने बीजेपी में प्रवेश किया है, उस विश्वास को कायम रखा जाएगा। इस मौके पर समरजीतसिंह घाटगे ने कहा कि आगे हम पार्टी के निर्देशानुसार कार्य करेंगे। पार्टी द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ निभाते हुए हम पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे।
-Legend News

Recent Comments