रिपोर्ट : LegendNews
अक्षर पटेल पर लगे भारी जुर्माने ने बिगाड़ा दिल्ली कैपिटल्स की जीत का मजा
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को एक झटका भी लगा। टीम के कप्तान अक्षर पटेल पर धीमी ओवर गति (स्लो ओवर रेट) बनाए रखने के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया, जहां दिल्ली ने तीन विकेट से रोमांचक जीत हासिल की।
आईपीएल ने जारी किया बयान
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उनकी टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में निर्धारित समय के अनुसार ओवर पूरे नहीं किए।' आगे कहा गया, 'यह इस सीजन में उनकी टीम का पहला अपराध था, इसलिए आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।'
पंजाब ने बनाए 210 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। टीम के लिए प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर और सूर्यांश शेडगे ने तेज पारियां खेलीं। पंजाब का स्कोर मजबूत नजर आ रहा था और दिल्ली के सामने मुश्किल चुनौती थी। दिल्ली की खराब शुरुआत, फिर अक्षर-मिलर ने बदला मैच 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और टीम पांचवें ओवर में 33 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने आक्रामक बल्लेबाजी कर मैच पलट दिया। अक्षर ने 30 गेंदों पर 56 रन बनाए, जबकि मिलर ने 28 गेंदों पर 51 रन की अहम पारी खेली।
माधव तिवारी और आशुतोष बने फिनिशर
जब मुकाबला आखिरी दौर में पहुंचा, तब युवा खिलाड़ी माधव तिवारी ने आठ गेंदों पर 18 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद आशुतोष शर्मा ने सिर्फ 10 गेंदों पर 24 रन ठोकते हुए दिल्ली को 19वें ओवर में 216/7 तक पहुंचा दिया।
- Legend News

Recent Comments