पश्चिम बंगाल के हावड़ा के शिबपुर इलाके बड़ा ही चौकाने वाला मामला सामने आया है. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक स्थानीय नेता शमीम अहमद के साधारण घर के अंदर महलनुमा अंडरग्राउंड मिला है. घर के अंदर का नजारा देखकर अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं. बाहर से आम दिखने वाले लेकिन अंदर से महलनुमा इस घर के नीचे एक आलीशान खुफिया तहखाना मिला है. शमीम को स्थानीय लोग ‘बोर’ के नाम से भी जाना जाता है. शमीम अपनी पार्षद पत्नी के साथ फिलहाल फरार है.
शिबपुर छड़ा बस्ती निवासी शमीम अहमद के घर पुलिस एक आपराधिक मामले में गिरफ्तारी करने पहुंची थी. तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को ग्राउंड फ्लोर पर एक खुफिया सीढ़ी मिली जो जमीन के नीचे जा रही थी. जब पुलिस की टीम इन सीढ़ियों से नीचे उतरी, तो वहां एक आलीशान अंडरग्राउंड चेंबर था. इस तहखाने को बेहद महंगी और लग्जरी चीजों से सजाया गया था. यह किसी खूफिया बंकर से ज्यादा एक ‘5-स्टार सीक्रेट रूम’ की तरह था, जहां ऐशो-आराम का हर सामान मौजूद था. 
बमबाजी और फायरिंग से खुला राज
इस आलीशान सुरंग का भंडाफोड़ एक हालिया हिंसक घटना के बाद हुआ. बीते गुरुवार को आरोप लगा था कि शिबपुर इलाके में एक बीजेपी कार्यकर्ता के घर को निशाना बनाकर जमकर बमबाजी और फायरिंग की गई. इस हमले का मुख्य आरोपी टीएमसी नेता शमीम अहमद उर्फ ‘बोरे’ ही था. वायरल हुए कई वीडियो में कथित तौर पर शमीम को बम फेंकते हुए देखा गया था. पिछले हफ्ते हुए चुनाव के बाद की हिंसा में भी उसका नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था. इसी सिलसिले में जब पुलिस उसे पकड़ने गई, तो वह अपनी पत्नी शमीमा खातून के साथ फरार हो चुका था और घर पर ताला लटक रहा था. 
रामनवमी हिंसा का मास्टरमाइंड 
कुछ महीने पहले शिबपुर में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान भड़की हिंसा और बमबाजी के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शमीम अहमद को गिरफ्तार किया था. उस पर शांति व्यवस्था को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का आरोप था.
पुलिस स्टेशन पर हमला: कुछ साल पहले एक अन्य उपद्रव के मामले में भी शमीम को गिरफ्तार किया गया था. उस समय आरोप था कि शमीम के इशारे पर ही उसके समर्थकों ने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया था और शिबपुर पुलिस स्टेशन में जमकर तोड़फोड़ की थी.
राजनीतिक रसूख: शमीम की पत्नी शमीमा खातून हावड़ा नगर निगम के वार्ड नंबर 36 से पार्षद रह चुकी हैं, जिसके चलते इलाके में इस परिवार का खासा राजनीतिक दबदबा रहा है. 
पड़ोसी भी रह गए हैरान
शमीम का महलनुमा घर फिलहाल बाहर से बंद है. इस खुलासे के बाद इलाके के लोग भी सकते में हैं. शमीम के घर के आसपास रहने वाले पड़ोसियों से जब बातचीत की गई, तो उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि शमीम का घर अंदर से इतना आलीशान है और उसके घर के नीचे कोई ऐसा खुफिया लग्जरी तहखाना भी बना हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार दंपती की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).