मथुरा-वृन्दावन। वृन्दावन स्थित जिज्ञासा कोचिंग संस्थान का नौवां स्थापना दिवस गुरुवार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी प्रवीण झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक आकाश सर ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र बताते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। गणित के अध्यापक संस्कार शर्मा ने प्रतियोगी परीक्षाओं में गणित विषय को आसान बनाने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक चेतन राघव ने सभी अतिथियों का स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने बताया कि जिज्ञासा कोचिंग संस्थान से अब तक सैकड़ों छात्र-छात्राओं का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस, उपनिरीक्षक (दरोगा), शिक्षक सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में हो चुका है, जो संस्थान की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।
समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक आकाश सर को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 'जिज्ञासा रत्न' सम्मान से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).