रिपोर्ट : LegendNews
छत्तीसगढ़ के जशपुर में अनियंत्रित होकर पलटी बस, 6 लोगों की मौत और 20 घायल
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों में कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने भी शोक प्रकट किया है।
हादसे की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसे में 6 यात्रियों की मौत हुई है। 20 लोग घायल हैं। घायलों और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। हादसे में मारे गए लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अनियंत्रित होकर पलटी बस
अधिकारियों ने बताया कि यह यात्री बस पड़ोसी राज्य झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी के लिए रवाना हुई थी। बस जैसे ही गोड़ाअंबा गांव के पास पहुंची अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे तथा शवों एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
सीएम ने प्रकट किया शोक
हादसे में सीएम विष्णुदेव साय ने शोक प्रकट किया है। सीएम साय ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- 'जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। इस दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें।'
अधिकारियों को निर्देश
दुर्घटना के बाद सीएम साय ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सीएम न कहा-हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
-Legend News

Recent Comments