रिपोर्ट : LegendNews
रूस के लिए लड़ते हुए अब तक 51 भारतीयों की मौत, विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि रूस के लिए लड़ने वाले 51 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. समाचार एजेंसी एएनआई के सवालों के जवाब में मिसरी ने कहा, रूसी सशस्त्र बलों में हमारे नागरिकों की भर्ती का मुद्दा भारत और रूस के बीच कई मौकों पर विभिन्न स्तरों पर उठाया गया है.
उन्होंने कहा, मॉस्को में हमारा दूतावास इन भारतीय नागरिकों की रिहाई और स्वदेश वापसी के मामले पर लगातार नज़र रख रहा है. हम रूसी पक्ष के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं ताकि बचे हुए सभी मामलों में जल्द से जल्द इन लोगों को सेना से मुक्त कराया जा सके और उन्हें उनके परिवारों के पास वापस लाया जा सके.
उन्होंने कहा, आख़िरी जानकारी के मुताबिक हमें पता था कि 227 भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया गया था. इनमें से 139 भारतीय नागरिकों के सेना से मुक्त होने की जानकारी हमें मिली है. दुर्भाग्य से, हमें यह भी जानकारी मिली है कि अब तक 51 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है.
उन्होंने कहा, यह ऐसा मुद्दा है जिस पर हम रूसी पक्ष के साथ लगातार और नियमित रूप से बातचीत कर रहे हैं.
-Legend News

Recent Comments