रिपोर्ट : LegendNews
यूपी के अलीगढ़, झांसी व मथुरा समेत 13 जिलों में बनेंगे 16 नए बिजली सब स्टेशन
आगरा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) ने निजीकरण से पहले बिजली व्यवस्था और बेहतर करने की तैयारी की है. जिसके लिए डीवीवीएनएल ने 115 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है. जिससे डीवीवीएनएल क्षेत्र में आने वाले अलीगढ़, झांसी व मथुरा समेत 13 जिलों में 16 नए सब स्टेशन स्थापित होंगे. डीवीवीएनएल अधिकारियों का दावा है कि इससे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर होगी. लोगों की ट्रांसफार्मर फुंकने की शिकायतें और लोवोल्टेज की समस्या से मुक्ति मिलेगी.
यूपी में बिजली निजीकरण को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं. प्रदेश में बिजली कर्मचारी धरना, प्रदर्शन और रैली तक निकाल रहे हैं. बिजली निजीकरण की लटकती तलवार के बीच ही अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) ने अपने क्षेत्र में आने वाले सभी 21 जिलों में 819 करोड़ रुपये खर्च करने की प्लानिंग की है. जिससे आगरा, मथुरा, कानपुर व बुंदेलखंड के झांसी क्षेत्र के समेत 21 जिलों में बिजली तंत्र मजबूत किया जाएगा. डीवीवीएनएल के बिजनेस प्लान को पॉवर काॅरपोरेशन से मंजूरी मिली गई है.
डीवीवीएलएल के एमडी नितीश कुमार ने बताया कि 13 जिलों में 16 नए सब स्टेशन स्थापित किए जाने के साथ ही 21 जिलों में 102 करोड़ रुयये से 103 सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाई जाएगी. इस बारे में सभी जोन के मुख्य अभियंताओं, एसई व एक्सईएन को निर्देश जारी किए गए हैं. जिसमें डीवीवीएनएल के 13 जिले में बिजली की डिमांड अधिक होने से ट्रांसफार्मर्स के फुंकने की आ रही शिकायतों और लोवोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए काम करने पर जोर दिया है.
डीवीवीएनएल मंजूर बिजनेस प्लान के तहत 80 करोड़ रुपये से 33 केवी की नई लाइनें बिछा जाएंगी. 83.06 करोड़ रुपये से करीब चार हजार नए ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है. साथ ही पहले से ही ओवरलोड चल रहे करीब पांच हजार ट्रांसफार्मरों की 91 करोड़ रुपये की लागत से क्षमता में वृद्धि की जाएगी.
- Legend News

Recent Comments