रिपोर्ट : LegendNews
124 पूर्व IAS-IFS अफसरों ने लिखी खुली चिट्ठी, वोट चोरी के कोई पुख्ता सबूत भी लाइए
124 पूर्व आईएएस, आईएफएस और एलाइड सर्विसेज के अफसरों ने देशवासियों को खुली चिट्ठी लिखकर चुनाव आयोग और उसकी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया का बचाव किया है। देश के इन पूर्व बड़े अफसरों ने देशवासियों के सामने यह दलील दी है कि चुनाव या वोट चोरी के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके पीछे कोई पुख्ता सबूत भी होने चाहिए।
ऐसे समय में जब शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर प्रदर्शन की कोशिश की और दिल्ली पुलिस इसे नियम-विरुद्ध बताकर रोकने के लिए दिन भर जूझी, भारत के पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों का देश की जनता का नाम इस तरह का खुला पत्र खास मायने रखता है।
चुनावी प्रक्रिया में हुए बदलावों और सुधारों की बात की
इन अफसरों ने चुनावी प्रक्रिया में मौजूद सुरक्षा, पिछले चुनाव परिणामों और बिहार चुनाव, 2025 के आंकड़ों के आधार पर चुनाव आयोग और एसआईआर की आवश्यकता पर सवाल उठाए जाने को चुनौती दी है।
इन अफसरों ने बताया है कि किस तरह से भारतीय चुनावी प्रक्रिया बूथ कैप्चरिंग, बैलेट बॉक्स लूटने और उससे छेड़छाड़ और चुनावी हिंसा से उबर कर यहां तक पहुंची है।
उन्होंने मौजूदा चुनाव व्यवस्था में मौजूद अनेक सुरक्षा इंतजामों का हवाला दिया, जिसमें पोलिंग एजेंट, ईवीएम सीलिंग, स्ट्रॉन्ग रूम सिक्योरिटी और वीवीपैट वेरिफिकेशन के इंतजाम शामिल हैं।
उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव, 2025 का उदाहरण देकर बताया कि किस तरह से एक भी रिपोलिंग की जरूरत नहीं पड़ी और 1951 के बाद से सबसे ज्यादा वोटर टर्नआउट सामने आया।
किन अफसरों ने किए चिट्ठी पर हस्ताक्षर
इस चिट्ठी पर पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल और आरडी कपूर, समिंद्र चटर्जी, गोपाल कृष्णा, विवेक भारद्वाज और नवनीत सहगल जैसे पूर्व आईएएस ने हस्ताक्षर किए हैं।
आरोप लगाने वाले को साबित भी करना चाहिए
इनका यह भी कहना है केंद्र में सरकार की अगुवाई कर रही बीजेपी, इसी चुनाव आयोग के रहते कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हारी है और 2024 के आम चुनावों में भी बहुमत से पिछड़ चुकी है। इन अधिकारियों ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता का बचाव करते हुए बताया कि किस तरह से एक से ज्यादा सदस्यों की वजह से यह संस्थागत रूप से सुरक्षित है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने और आरोपों की पुष्टि के लिए सबूतों के अभाव का भी हवाला दिया है।
गलत मतदाता सूची से धांधली करने वालों को फायदा
एसआईआर को इन्होंने पुख्ता वोटर लिस्ट के लिए जरूरी बताया है। इन्होंने इसके लिए भी बिहार एसआईआर का उदाहरण दिया कि किस तरह से वहां इसके माध्यम से 22 लाख मृत वोटरों का नाम मतदाता सूची से हटाने में मदद मिली और सात लाख डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम बाहर किया गया। इसके अलावा करीब 21.5 लाख नए वोटरों के नाम जोड़े भी गए।
-Legend News

Recent Comments