रिपोर्ट : LegendNews
11 वर्षीय आरोही गौतम ने बैडमिंटन में मारी बाजी, स्टेट लेवल पर हासिल किया प्रथम स्थान
मथुरा। महज 11 वर्ष की उम्र में बैडमिंटन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरोही गौतम ने स्टेट लेवल वधिर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट में आरोही ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। इस सफलता के साथ अब आरोही का चयन इंडिया लेवल की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
आरोही ने बैडमिंटन का प्रशिक्षण अपने से बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए हासिल किया। कम उम्र में ही बड़े खिलाड़ियों के बीच अभ्यास करने से उनके खेल में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत हुई। लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर उन्होंने स्टेट लेवल तक का सफर तय किया।
आरोही की इस सफलता में उनके कोच अनुवर का भी महत्वपूर्ण योगदान बताया जा रहा है। कोच के मार्गदर्शन में आरोही ने नियमित अभ्यास किया और अपनी खेल तकनीक को लगातार बेहतर किया। कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है कि अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं।
आरोही की इस उपलब्धि से उनके परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। अब सभी की निगाहें इंडिया लेवल प्रतियोगिता पर हैं, जहां 11 वर्षीय आरोही गौतम अपने शानदार खेल के जरिए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।
- Legend News

Recent Comments