रिपोर्ट : LegendNews
...तो फारस की खाड़ी या ओमान की खाड़ी में कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा: ईरान
मिडिल ईस्ट में तनाव घटने का बजाय बढ़ते ही जा रहा है। वार-प्रतिवार जारी है। धमकी का जवाब चेतावनी से दी जा रही है। ताजा मामले में ईरान ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसके बंदरगाहों पर कोई खतरा मंडराया तो इसके व्यापक क्षेत्रीय परिणाम होंगे। तेहरान की ओर से यह चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज की नाकाबंदी शुरू करने के एलान के कुछ घंटों बाद आई है। खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने मेहर समाचार एजेंसी को बताया कि क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरानी बंदरगाहों को निशाना बनाने वाले किसी भी कदम का असर पड़ोसी देशों पर भी पड़ेगा। प्रवक्ता ने आगे चेतावनी दी कि अगर ईरानी बंदरगाहों की सुरक्षा खतरे में पड़ी तो फारस की खाड़ी या ओमान की खाड़ी में कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।
दरअसल, ईरान की ओर से यह नई चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सेना ने सोमवार को ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों की नाकाबंदी शुरू करने की घोषणा की है। यह कदम दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद उठाया गया है, जब पाकिस्तान में वाशिंगटन और तेहरान के बीच चली लंबी युद्धविराम वार्ता बिना किसी सफलता के समाप्त हो गई।
कब से अमेरिकी नाकाबंदी?
अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने स्पष्ट किया कि नाकाबंदी सोमवार को सुबह 10 बजे पूर्वी मानक समय (ईरान में शाम 5:30 बजे) से लागू होगी। यह सभी देशों के जहाजों के खिलाफ निष्पक्ष रूप से लागू की जाएगी, जिसमें अरब खाड़ी और ओमान की खाड़ी के सभी ईरानी बंदरगाह शामिल हैं। हालांकि, CENTCOM ने यह भी साफ किया कि गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच यात्रा करने वाले जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या कहा था?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी सेना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में किसी भी जहाज को रोकेगी जो ईरान को अवैध टोल का भुगतान करता हुआ पाया जाएगा। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो कोई भी अवैध टोल चुकाएगा, उसे खुले समुद्र में सुरक्षित यात्रा नहीं मिलेगी। ट्रंप ने आगे कहा कि कोई भी ईरानी जो हम पर या शांतिपूर्ण जहाजों पर गोलीबारी करेगा, उसे नरक में भेज दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने यह भी घोषणा की कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों को साफ करना शुरू कर देगी।
-Legend News

Recent Comments