रिपोर्ट : LegendNews
450 साल बाद 'शेखचिल्ली' रिटर्न, यकीन न हो तो यहां करें मुलाकात...
आज से करीब 500 साल पहले मुगल काल की शुरूआत में 'शेखचिल्ली' नाम का एक शख्स हुआ करता था। अपनी मूर्खतापूर्ण बातों और 'ख्याली पुलाव' पकाने के लिए चर्चित शेखचिल्ली से जुड़ी यूं तो अनगिनत कहानियां हैं किंतु यहां हम बात उसके किस्से कहानियों की नहीं, उसके जैसे 'किरदार' की कर रहे हैं।
कहा जाता है कि इतिहास खुद को दोहराता जरूर है। ऐसा लगता है कि इतिहास की कोख ने लगभग 'पांच दशक' पहले एक और 'शेखचिल्ली' को जन्म दिया था, जिसकी मूर्खता अब चरम पर है।
अपनी मूर्खतापूर्ण हरकतों से हालांकि वह राष्ट्रीय ही नहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी मनोरंजन का साधन बना हुआ है, किंतु उसके कारनामे कई बार देश को मुसीबत में डाल देते हैं।
किंवदंती हैं कि मुगलकालीन 'शेखचिल्ली' की कब्र हरियाणा के थानेसर (कुरुक्षेत्र) में आज भी मौजूद है और वहां हर साल हजारों की संख्या में पर्यटक एवं इतिहास प्रेमी जाते हैं।
चूंकि हम भारतीय हमेशा से उत्सव प्रेमी, उत्सुक एवं जिज्ञासु होते हैं इसलिए कहीं भी जुट जाते हैं। फिर वह चाहे 'शेखचिल्ली' जैसे मूर्ख की कब्र ही क्यों न हो।
बहरहाल, अगर हम बात करें 'इस युग के शेखचिल्ली' की तो 'बुद्धि के स्तर' को छोड़कर मुगलकाल के शेखचिल्ली से इसकी कोई तुलना नहीं की जा सकती।
पांच शताब्दी पहले पैदा हुआ शेखचिल्ली एक मामूली परिवार से ताल्लुक रखता था जबकि पांच दशक पहले पैदा हुआ शेखचिल्ली एक ऐसे राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखता है जिसने देश को निजी जागीर समझकर शासन किया।
कोई एक दशक पहले यह 'कथित राजवंश' अचानक 'एक चाय वाले' से चुनाव हारकर सड़क पर आ गया, किंतु 'शेखचिल्ली' को भरोसा था कि 'राजपुत्र' ही शासन करने का स्वाभाविक हकदार होता है इसलिए जल्द ही उसके ही सिर पर सेहरा बंधेगा और वह प्रधानमंत्री के पद को सुशोभित करेगा। अगले चुनाव में 'प्रजा' उस चाय वाले की पार्टी को सत्ता से बेदखल कर देगी और फिर 'वह' अपने मुताबिक देश चलाएगा।
समय बीतता गया। एक चुनाव हुए, दूसरे हुए, और फिर तीसरे चुनाव भी हुए जिनसे शेखचिल्ली और उसकी 'पारिवारिक पार्टी' को बहुत उम्मीदें थीं। लेकिन प्रजा ने शेखचिल्ली को 'फर्श' से ऊपर नहीं उठने दिया। 'अर्श' पर पहुंचने का ख्याली पुलाव पकाते-पकाते उसकी 'ज़हनी हालत' ऐसी हो गई कि प्रजा को 'पकड़' में आने लगी।
जनता जनार्दन जिसे यह 21वीं सदी का शेखचिल्ली अब तक अपनी 'प्रजा या रियाया' समझता रहा, वह समझ गई कि वंशवादी पार्टी का चश्मो-चिराग तो अक्ल से कतई पैदल है। जनता की उसके प्रति ये समझ ऐसे ही नहीं बनी। उसने अपनी एक-एक हरकत से साबित किया कि जनता जो समझ रही है, एकदम सही समझ रही है। सौ फीसद सही।
इधर, 21 वीं सदी के इस 'शेखचिल्ली' की मानसिक स्थिति और डगमगा गई। उसके दिलो-दिमाग पर 'चाय वाले' से मिलती जा रही 'हार' का गहरा असर हुआ। दिमाग हिलने से हुआ यह कि इसकी सोचने-समझने की सलाहियत पूरी तरह जाती रही। अब वह देश ही नहीं, विदेशों में भी बहकी-बहकी बातें करने लगा।
मुगलकालीन शेखचल्ली जिस तरह ख्याली पुलाव पकाते-पकाते अपना ही नुकसान कर बैठता था, उसी प्रकार इस दौर का यह शेखचिल्ली भी आज अपनी पकी-पकाई चावल की हड़िया को लात मारकर फोड़ बैठता है।
इसके इर्द-गिर्द मजमा लगाने वाले जब भी इसकी मनोदशा समझने का प्रयास करते हैं, तब उन्हें पता लगता है वह तो 'चिलम' पीने परदेश निकल लिया। मजबूरी में उसके 'चंडूखाने' वाले साथियों को सफाई देनी पड़ती है कि वो एसी 'एनर्जी' लेने गए हैं कि आते ही रिजीम चेंज (Regime Change) कर देंगे। हम बस उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन समस्या बड़ी है। समस्या यह है कि 21वीं सदी का यह शेखचिल्ली पिछले एक दशक में खुद को इतना एक्सपोज कर चुका है कि अब जनता उस पर भरोसा करने को तैयार नहीं।
जनता कहती है कि जो अधेड़ खुद को युवा समझते हुए सार्वजनिक तौर पर आए दिन कोई न कोई छिछोरी हरकत करता रहता हो। जो 'सींग कटाकर बछड़ों' में शामिल होने के बाद अपने आपको GEN-Z मान बैठा हो। जो विदेशी ताकतों का इसलिए आह्वान करता हो कि वो उसे चाय वाले के शासन से मुक्ति दिलाकर पीएम के पद पर काबिज करवा देंगी, जिसे अपने ही देश की जनता पर भरोसा न रह गया हो। जिसके लिए कोई भी संवैधानिक संस्था विश्वसनीय न रह गई हो, जो समझता हो कि चंडूखाने में अपने कुछ चिरकुटों के साथ 'चालबाजियां' करके वह देश का 'भाग्यविधाता' बन जाएगा, तो उस पर भरोसा करना नामुमकिन है। देश की जनता चाय की चुस्की पसंद करती है, चिलम की नहीं।
रही बात अपने देश को नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका या दूसरे देशों की तरह उपद्रव की आग में झोंक कर सत्ता हथियाने की, तो तय समझिए कि ख्याली पुलाव की ये हड़िया फिर चौराहे पर फूटेगी। 29 तो क्या, 39 तक कुछ हाथ नहीं आना।
सत्ता पाने के लिए इस 'शेखचिल्ली' से निजात पाना पहली शर्त है। अन्यथा पकाते रहो नित नए ख्याली पुलाव और अपने ही हाथों फोड़ते रहो उनकी हड़िया, क्योंकि सत्ता तो चुनाव जीतकर ही मिलेगी। विदेशी ताकतों की 'कठपुतली' बनने से नहीं। जय हिंद। जय भारत।
-यायावर

Recent Comments