रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2: द रिवेंज' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसके साथ ही मेकर्स ने एडवांस बुकिंग शुरू होने का भी ऐलान कर दिया है। हालांकि, यह बुकिंग रिलीज से एक दिन पहले 18 मार्च के पेड-प्रीव्‍यू शोज के लिए हैं। जी हां, शुक्रवार, 19 मार्च को थिएटर्स में पैन इंडिया रिलीज से एक दिन पहले अब गुरुवार शाम को ही 'धुरंधर 2' देखने का मौका है। दिलचस्‍प बात ये है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे से पेड-प्रीव्‍यू शोज के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हुई और पहले 1 घंटे में ही 7500 टिकट बिक गए हैं। गुरुवार को शाम 5 बजे से लेकर देर रात तक करीब-करीब हर सिनेमाघर में फिल्‍म के 5-6 शोज रखे गए हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा पेड-प्रीमियर है, क्‍योंकि इससे पहले किसी भारतीय फिल्‍म को रिलीज से पहले इतने शोज नहीं मिले हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि क्‍या 'धुरंधर 2' पेड-प्रीमियर में पवन कल्‍याण की 'दे कॉल हिम ओजी' का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी?
आदित्‍य धर के डायरेक्‍शन में बनी 'धुरंधर 2' की फैन फॉलोइंग और सीक्‍वल को लेकर हाइप कैसी है, यह बताने की जरूरत नहीं है। बीते साल दिसंबर में रिलीज 'धुरंधर' की ब्‍लॉकबस्‍टर सफलता के बाद पर किसी को 'धुरंधर: द रिवेंज' का इंतजार है। शुक्रवार सुबह 11 बजे ट्रेलर रिलीज हुआ है और इसे पहले 1 घंटे में ही यूट्यूब पर 2.1 म‍िल‍ियन से अध‍िक व्‍यूज मिल गए हैं। इसी के साथ टिकट बुकिंग प्‍लेटफॉर्म्‍स पर भी दर्शकों और फैंस उमड़ पड़े। 'बुक माय शो' पर हर घंटे करीब 7500 ट‍िकटों की बुक‍िंग हो रही है। 
'धुरंधर 2' एडवांस बुकिंग: टिकटों की कीमत
देश के करीब-करीब सभी नेशनल मल्‍टीप्‍लेक्‍स चेन्स में 'धुरंधर 2' के प्रीव्‍यू शोज के लिए एडवांस बुकिंग की शुरुआत हो चुकी है। मेकर्स ने अध‍िक से अध‍िक कमाई करने के लिए टिकटों की कीमत भी बढ़ा दी है। पेड-प्रीव्‍यू शोज के लिए औसतन 450 रुपये से लेकर 600 रुपये के टिकट मिल रहे हैं। जबकि गोल्‍ड कैटेगरी में टिकट की कीमत 1200 रुपये रखी गई है। जाहिर है, स्टैंडर्ड टिकट मूल्‍य से 10–25% ज्यादा चार्ज कर मेकर्स अध‍िक से अध‍िक पैसा बनाना चाह रहे हैं। 
'धुरंधर 2' रनटाइम: 4 घंटे लंबी फिल्‍म
ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर के जियो स्टूडियो और बी62 स्टूडियो के बैनर तले बनी 'धुरंधर 2' का रनटाइम पिछली फिल्‍म से भी अध‍िक बताया जा रहा है। यह सीक्‍वल फिल्‍म 4 घंटे लंबी होने वाली है। जबकि पिछली फिल्‍म का रनटाइम भी 3 घंटे 32 मिनट था। हालांकि, एक चर्चा यह भी है मेकर्स रिलीज से पहले इसे छोटी करने की तैयारी में हैं। लेकिन इतना तय है कि 'धुरंधर 2' भी भारतीय सिनेमा की सबसे लंबी फिल्‍मों की फेहरिस्‍त में शामिल होगी।
क्‍या They Call Him OG का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी 'धुरंधर 2'
देश में पेड प्रीव्‍यू शोज से अब तक की सबसे अध‍िक कमाई करने वाली फिल्‍म पवन कल्‍याण की पिछली रिलीज 'द कॉल हिम ओजी' है। बीते साल सितंबर में रिलीज इस तेलुगू फिल्‍म ने रिलीज से पहले पेड-प्रीमियर से 23 करोड़ रुपये कमाए थे। जबकि उससे पहले यह रिकॉर्ड तेलुगू सुपरस्‍टार की ही 'हरि हर वीरा मल्‍लू' के नाम था, जिसने पेड-प्रीमयर शोज से 15 करोड़ रुपये कमाए थे। लेकिन दिलचस्‍प बात यह है कि इन दोनों ही फिल्‍मों के पास 'धरंधर 2' की तरह पेड प्रीमियर के इतने सारे शोज नहीं थे। रणवीर सिंह की फिल्‍म की जबरदस्‍त हाइप को देखकर यह लगता है कि सिर्फ पेड-प्रीमियर से यह 30 करोड़ रुपये से अध‍िक का कारोबर कर लेगी।
'धुरंधर 2' की बंपर ओपनिंग की तैयारी, पहले दिन 100 करोड़ पार!
बीते साल 5 दिसंबर 2025 को रिलीज 'धुरंधर' ने ओपनिंग डे पर देश में 28 करोड़ का नेट कलेक्‍शन और वर्ल्‍डवाइड 41.25 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया था। लेकिन तब यह फिल्‍म सिर्फ हिंदी वर्जन में रिलीज हुई थी। अब 'धुरंधर 2' पैन इंडिया हिंदी के साथ ही तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्‍नड़ में भी रिलीज हो रही है। यही नहीं, यश की 'टॉक्‍स‍िक' के पोस्‍टपोन होने के बाद अब इसके पास बॉक्‍स ऑफिस पर एकछत्र राज करने का मौका है। हां, पवन कल्‍याण की फिल्‍म 'उस्‍ताद भगत सिंह' भी 19 मार्च को रिलीज हो रही है, लेकिन इसका हिंदी में बहुत जोर नहीं है। ऐसे में ईद का जश्‍न, गुड़ी पड़वा की छुट्टी को देखते हुए अनुमान यही है कि 'धुरंधर 2' ओपनिंग डे पर पहले दिन वर्ल्‍डवाइड 100 करोड़ रुपये का कारोबार आसानी से कर लेगी। 
'धुरंधर 2: द रिवेंज' की कहानी
'धुरंधर: द रिवेंज' में रणवीर सिंह एक बार फिर हमजा अल मजारी उर्फ जसकीरत सिंह रंगी बनकर लौट रहे हैं। ल्‍यारी में रहमान डकैत के खात्‍मे के बाद अब हमजा का राज है। ट्रेलर में हम उसे खौफ और दुश्‍मनों पर मौत बनकर बरसते हुए देखते हैं। यही नहीं, फिल्‍म में पंजाब के जसकीरत के स्‍पेशल एजेंट हमजा बनने की बैकग्रांड स्‍टोरी भी दिखाई जाएगी। निशाने पर ल्‍यारी का अंडरवर्ल्‍ड, मेजर इकबाल और उसका ISI का नेक्‍सस है। ये वो दुश्‍मन हैं, जिन्‍होंने हिंदुस्‍तान के सीने को छलनी करने का काम किया है। फिल्‍म में सारा अर्जुन, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल भी अपनी-अपनी मुख्य भूमिकाओं में लौट रहे हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).