भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने 89.30 मीटर की दूरी भाला फेंककर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया और अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। नीरज चोपड़ा ने फिनलैंड के तुर्कू में पावो नूरमी खेलों में यह उपलब्धि हासिल की। सितारा खिलाड़ियों से सजी इस प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता। क़रीब दस महीने पहले भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में सबसे दूर तक भाला (जेवलिन) फेंककर गोल्ड मेडल जीता था। अब पूरे 10 महीने बाद उन्होंने अपना ही नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा है, बावजूद इसके वह पावो नर्मी गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। नीरज चोपड़ा के पावो नूरमी खेलों में रजत पदक जीतने और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने की खबर मीडिया में आई, राजनेताओं और क्रिकेटर्स समेत बहुत से सेलेब्रिटीज ने उनकी प्रशंसा करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया। गौतम गंभीर ने लिखा कि गोल्डन बॉय ने फिर कर दिखाया। संबित पात्रा ने कहा कि ऐसे ही चमकते रहो और हमें गौरवान्वित करते रहो। नीरज चोपड़ा का इससे पहले राष्ट्रीय रिकॉर्ड 88.07 मीटर था जो उन्होंने पिछले साल मार्च में पटियाला में बनाया था। नीरज चोपड़ा ने 7 अगस्त 2021 को 87.58 मीटर का थ्रो फेंककर टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। 24 साल के नीरज ने टोक्यो ओलंपिक में अपने ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने के बाद 14 जून 2022 को पहली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। पावो नूरमी खेलों में 89.30 मीटर दूर भाला फेंकने से नीरज चोपड़ा वर्ल्ड सीजन लीडर्स लिस्ट में पांचवें स्थान पर पहुंच जाएंगे। पावो नूरमी खेल एक विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर गोल्ड सीरीज इवेंट है, जो डायमंड लीग के बाद सबसे प्रतिष्ठित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में से एक है। नीरज चोपड़ा ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह 90 मीटर से दूर भाला फेंकने के विचार से खुद पर दबाव नहीं डालेंगे। वह अमेरिका के यूजीन में 15-24 जुलाई 2022 के बीच होने वाली विश्व चैंपियनशिप के दौरान धीरे-धीरे शिखर पर पहुंचने की कोशिश करेंगे। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने नीरज चोपड़ा को नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘गोल्डन बॉय ने इसे फिर से किया है! नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड। शानदार जा रहा है #नीरज चोपड़ा।’ युवराज सिंह ने लिखा, ‘जब भी आप प्रतियोगिता में उतरते हैं तो हर बार आप एक नई ऊंचाई हासिल करते हैं।’ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी नीरज चोपड़ा को बधाई दी। संबित पात्रा ने लिखा, ‘89.30 मीटर के एक नए व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने और फिनलैंड के तुर्कू में पावो नूरमी खेलों में रजत पदक हासिल करने के लिए हमारे चैंपियन एथलीट को हार्दिक बधाई @नीरज_चोपड़ा। चमकते रहो और हमें गौरवान्वित करते रहो!’ -एजेंसियां

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).