म्यांमार: सेना और जातीय सशस्त्र समूह के बीच संघर्ष में 19 लोगों की मौत
यंगून। म्यांमार के दूरस्थ उत्तरी शान राज्य में सेना और जातीय सशस्त्र समूह के बीच संघर्ष में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। सूत्रों ने बताया कि देश की सीमा पर संघर्ष और तेज हो गया है। सेना के सूत्रों ने इस संघर्ष में 19 लोगों के मरने की पुष्टि करते हुए बताया कि दो दर्जन से अधिक घायल हो गए हैं।
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि चीन की सीमा से सटे उत्तरी म्यांमार में हाल के महीनों में संघर्ष बढ़ा है, जब अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का ध्यान देश के पश्चिमी हिस्से में उपजे रोहिंग्या संकट पर है।
म्यांमार की सेना पर रखाइन राज्य में रह रहे रोहिंग्याओं के नस्ली सफाए के लिए अभियान चलाए जाने का आरोप है।
शनिवार को हुई हिंसा और सेना और तांग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) के बीच हुई। यह चरमपंथी समूह भी देश के उत्तरी हिस्से में स्वायत्ता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है। TNLA के प्रवक्ता मेजर मई ऐक क्यॉ ने एएफपी को बताया कि सुबह 5 बजे ही तीन जगहों पर झड़पें शुरू हो गई थी।
-एजेंसी