IOA ने स्वतंत्रता दिवस पर शुरू किया ‘एक इंडिया टीम इंडिया’ डिजिटल अभियान
नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ IOA ने शनिवार को देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘एक इंडिया टीम इंडिया’ डिजिटल अभियान शुरू किया। यह अभियान आईओए की नई पहचान का एक हिस्सा है जो ओलंपिक अभियान में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी के सौ साल पूरे होने के मौके पर अपनाई गई थी। आईओए ने एक बयान में कहा कि एक इंडिया टीम इंडिया अभियान ओलंपिक खेलों में भारत के सफर की बानगी है।
उन्होंने आगे कहा कि यह देश के अनूठेपन, खेलों की विरासत और खेलों में दोस्ती, एकता, खेलभावना के महत्व का उत्सव है। अभियान के वीडियो के लॉन्च के तहत आईओए अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनलों पर नए लोगो का प्रचार करेगा। आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह हमारे और देश के लिए ऐतिहासिक समय है।
नई पहचान तिरंगे की अहमियत और हमारे खिलाड़ियों और अधिकारियों की प्रतिबद्धता और मेहनत की बानगी है। विश्व स्पर्धाओं में टीम इंडिया की नुमाइंदगी करते समय खिलाड़ी और अधिकारी यह नया लोगो पहनेंगे। इसके अलावा ओलंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के समारोहों में भी यह लोगो पहना जाएगा।
-एजेंसियां