कोरोना वायरस फैलाने के लिए चीनी लोगों पर भड़के इमरान हाशमी
मुंबई। बॉलिवुड एक्टर इमरान हाशमी फिलहाल भारत में व्याप्त कोरोना के कहर से चीन पर भड़के हुए हैं।
इमरान हाशमी ने इस पर अपना गुस्सा जताते हुए कहा, ये सब सिर्फ इसीलिए हो रहा है क्योंकि किसी को चमगादड़ खाना था। उल्लेखनीय है कि कोरोना के कारण इस समय पूरी दुनिया के देश प्रभावित हो रहे हैं। लगभग आधी दुनिया में लॉकडाउन जैसे हालात हैं। भारत में भी केंद्र सरकार ने 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इन परिस्थियों पर आम लोगों के साथ ही बॉलिवुड सिलेब्रिटीज भी खीज रहे हैं। इमरान हाशमी भी ऐसे लोगों में से हैं जो कोरोना वायरस फैलाने के लिए चीनी लोगों पर भड़क गए हैं।
ऐसा माना जाता है कि चीन से फैलने वाला यह वायरस चमगादड़ से इंसानी शरीर में आया है। हालांकि अभी तक यह तथ्य सत्यापित नहीं है लेकिन बहुत से लोग इसी को सच मान रहे हैं।
अपने हालिया ट्वीट में इमरान ने लिखा, ‘और ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हजारों किलोमीटर दूर बैठा कोई आदमी चमगादड़ को खाने का अपना अजीब खाने का शौक पूरा करना चाहता है।’
सभी की तरह इस समय इमरान भी लॉकडाउन में हैं। हालांकि उन्होंने इस लॉकडाउनका समर्थन किया है। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘अभी की परिस्थितियों को देखते हुए उम्मीद करता हूं कि सभी लोग अपने घरों पर हैं और सुरक्षित हैं। कृपया तभी सफर करें जबकि बेहद जरूरी हो। हम खुद को कितने अनुशासन में रखते हैं, यही तय करेगा कि हम इस महामारी को कितना कंट्रोल कर सकते हैं। गलियों में नाचने को काफी वक्त मिलेगा… अपना ख्याल रखें।’
गौरतलब है कि 24 मार्च मंगलवार को इमरान हाशमी का जन्मदिन भी था। इसी दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की भी घोषणा की थी। इस मौके पर उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘आज जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए आप सभी का शुक्रिया। सुरक्षित रहें, अपने पास जरूरी चीजें रखें। और प्लीज इस कर्फ्यू को सीरियसली लें। केवल 21 दिन हैं और यह छोटा वक्त जल्द बीत जाएगा… सभी को प्यार।’
-एजेंसियां