हाथरस पहुंचे DGP संग अवनीश अवस्थी, पीड़ित परिवार को दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
हाथरस। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के मुखिया हितेश चंद्र अवस्थी के साथ ही अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने शनिवार को दिन में करीब दो बजे हाथरस में कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद मृत युवती के परिवार के लोगों से भेंट की। दो दिन तक पुलिस के पहरे में रहे परिवार के लोगों को शासन के दोनों शीर्ष अधिकारियों ने न्याय का पूरा भरोसा दिया है।
डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी तथा अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने हाथरस के बूलगढ़ी गांव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इन्होंने इस दौरान मृत युवती के पिता, मां, दोनों भाई व बहनों सहित नौ लोगों से वार्ता की। इस दौरान डीजीपी के साथ ही अपर मुख्य सचिव ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया। मृतका के पिता ने जब इनके सामने हाथ जोड़े तो डीजीपी एसजी अवस्थी ने उनके कंधे पर हाथ रखा और इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मृत युवती के पिता तथा भाइयों के साथ काफी देर तक वार्ता भी की।
हाथरस के चंदपा क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के गांव को आज मीडिया के लिए खोल दिया गया है। बीते कुछ दिनों से पूरे गांव में बैरिकेडिंग थी और मीडिया का प्रवेश भी वर्जित कर दिया गया था। हालांकि प्रशासन से यह अनुमति सिर्फ मीडिया को दी है, यानी राजनेता आदि गांव में नहीं जा सकते।
प्रियंका गांधी खुद कार चलाकर हाथरस के लिए रवाना
प्रियंका गांधी अपनी कार खुद चलाकर हाथरस के लिए रवाना हुई हैं। उनके साथ ही राहुल गांधी भी मौजूद हैं। इन लोगों के डीएनडी के रास्ते हाथरस जाने के चलते फ्लाईओवर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अपर मुख्य सचिव और डीजीपी ने पीड़ित परिवार से करीब आधे घंटे तक बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। दोनों आला अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं। वहीं परिवार का कहना है कि उन्होंने अपनी शिकायतें अधिकारियों को दी हैं। उन्होंने डीएम की शिकायत भी की है।
प्रियंका गांधी बोलीं- इस बार नहीं जाने दिया तो दोबारा करेंगे प्रयास
दूसरी बार हाथरस के लिए रवाना हुईं प्रियंका गांधी ने कहा है कि अगर इस बार भी हमें जाने नहीं दिया गया तो हम अगली बार कोशिश करेंगे।
राहुल गांधी हाथरस के लिए रवाना
राहुल गांधी गुरुवार के बाद आज फिर हाथरस के लिए रवाना हुए हैं। वह करीब 35 बड़े नेताओं के साथ हाथरस जा रहे हैं। इस वक्त वह डीएनडी की ओर बढ़ रहे हैं।
यूपी गेट पर लगा जाम
राहुल और प्रियंका गांधी के हाथरस जाने की खबर के बाद यूपी गेट पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने बैरिकेड लगा दी है। एक-एक वाहन की जांच की जा रही है। इस कारण दिल्ली से गाजियाबाद की ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।
– एजेंसी