दाती महाराज पर बलात्कार के आरोप की जांच करेगी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच अब 25 वर्षीय महिला की उस शिकायत की जांच करेगी जिसमें उसने स्वयंभू बाबा दाती महाराज और उसके शिष्यों द्वारा उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि महिला ने दाती महाराज के खिलाफ रविवार को दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। दाती महाराज के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 376, 377, 354 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि दो वर्ष पूर्व दाती महाराज ने मंदिर के अंदर ही उसके साथ बलात्कार किया और किसी को इस बारे में नहीं बताने की धमकी भी दी थी। यह केस मंगलवार को जिला पुलिस से क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है।
पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) आलोक कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामला क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है, हालांकि अभी उन्हें आधिकारिक आदेश नहीं मिले हैं।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह स्वयंभू बाबा की एक दशक से शिष्य रही है, लेकिन दाती महाराज और उनके दो शिष्यों द्वारा उसके साथ कथित रूप से बलात्कार किए जाने के बाद वह अपने गृह प्रदेश राजस्थान लौट गई।
महिला ने आरोप लगाया कि बाबा के शिष्य उसको जबरन उसके कमरे में भेजते थे और यदि वह इंकार करती तो उसके अन्य शिष्य भी उसके साथ सोते थे। महिला ने यह आरोप लगाया कि स्वयंभू बाबा के दिल्ली और राजस्थान स्थित आश्रमों में उसका शारीरिक शोषण किया गया।
-एजेंसी