CM Yogi ने कहा: बड़ी वारदातों पर जिम्मेदारी तय की जाएगी, दोषी अफसर नपेंगे
CM Yogi ने कासगंज कलक्ट्रेट सभागार में विकास और कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद पत्रकारों से वार्ता में यह बात कही
कासगंज। CM Yogi आदित्यनाथ ने कहा कि बड़ी वारदातों पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, दोषी अफसर नपेंगे। योगी बोले, अगर पुलिस सतर्कता बरतती तो डकैती की घटनाओं को रोका जा सकता था। अपराधों की बढ़ोतरी से नाराज सीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि डायल 100 और सुरक्षा तंत्र सतर्कता बरतें। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की बात कही।
इससे पूर्व कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कासगंज में डकैती की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए सीएम योगी ने अफसरों से कहा कि कानून का राज कायम किया जाए। इस दौरान तूफानग्रस्त क्षेत्रों में हुए नुकसान के बारे में संबंधित विभागों से पूछताछ की। आपदा के दौरान बिजली विभाग को हुए नुकसान के बारे में जाना, साथ ही जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने के निदेश देते हुए ताकीद की। स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में और पूर्ति विभाग से राशन प्रणाली के बारे में जानकारी लेकर सरकार की मंशा के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का पहला काम आपदा के समय राहत कार्य पहुंचाना है। प्रदेश के अन्य जिलों से ज्यादा जनहानि कासगंज में हुई, इसी को ध्यान में रखते हुए पीड़ितों को सहायता प्रदान करने के लिए वह खुद कासगंज आए हैं। उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवारों से मिले। उन्हें सहायता राशि दी गई है। अन्य पीड़ितों से मिलकर उनकी भी बात सुनी है।
ग्राम स्वराज अभियान से जनता को मिला लाभ
सीएम योगी ने कहा कि पत्रकारों से कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के जन्मोत्सव के समय तय ग्राम स्वराज अभियान में जनप्रतिनिधियों ने बहुत दिलचस्पी दिखाई। इसी का परिणाम है कि बड़ी तादाद में लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है।
कर्नाटक में मोदी और शाह की जीत: योगी
सीएम योगी ने कर्नाटक की जीत का श्रेय पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को दिया। कहा कि कर्नाटक में जनता ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार से मुक्ति पाने के लिए भाजपा को चुना है। साथ ही कर्नाटक की जनता ने केंद्र की योजनाओं को हितकारी मानते हुए भाजपा के पक्ष में जीत का परिणाम दिया है। समीक्षा बैठक के बाद CM Yogi कासगंज से हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
-एजेंसी