नाइजीरिया में Boko Haram का हमला, 65 की मौत
मैदुगुरी । गाजीरम उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया में एक अंत्येष्टि के दौरान Boko Haram द्वारा किये गए हमले में 65 लोगों की मौत हो गई है। एक स्थानीय अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। क्षेत्रीय राजधानी मैदुगुरी के पास स्थित एक गांव में बंदूकधारियों के हमले के बाद दर्जनों और शवों का पता चला। स्थानीय सरकार के अध्यक्ष मोहम्मद बुलामा ने बताया, ‘65 लोग मारे गए हैं और 10 अन्य घायल हुए हैं।’
अंत्येष्टि से लौटते वक्त Boko Haram ने किया था हमला
इससे पहले, स्थानीय मिलिशिया नेता बुनु बुकर मुस्तफा ने बताया था कि 3 मोटरसाइकिलों पर आए हमलावरों ने मैदुगुरी के समीप न्गांजई जिले में एक रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थी। स्थानीय अधिकारी ने बताया कि शुरुआती हमले में 21 लोग मारे गए। बाकी लोग जब हमले से बचने के लिए भाग रहे थे तब अंधाधुंध गोलीबारी में मारे गए।
उत्तरी नाइजीरिया में बोको हराम का 1 दशक से कहर जारी
बता दें कि पिछले एक दशक में बोको हराम ने उत्तरी नाइजीरिया में अपना प्रभुत्व कायम कर रखा है। आतंकी संगठन खुले तौर पर कहता है कि उसका लक्ष्य शरिया कानून का सख्ती से पालन कराना है। संगठन के द्वारा पहले भी कई बार हिंसक वारदात अंजाम दी गई है जिनमें हजारों लोगों की अब तक जान जा चुकी है। आतंकी संगठन देश में दूसरे धर्मस्थलों चर्च और प्रार्थना स्थल को नुकसान पहुंचाते रहते हैं।
महिलाओं की हत्या, अपहरण आदि की कई घटनाएं भी अंजाम दी गई हैं। संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी का कहना है कि बोको हराम के आतंक से डरकर पिछले साल 30000 लोगों ने देश छोड़ दिया।
– एजेंसी