प्रधानमंत्री रहते मां बनने वाली दूसरी महिला बनीं न्यूजीलैंड की जेसिंडा
वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने गुरुवार को बच्ची को जन्म दिया। वे प्रधानमंत्री रहते हुए मां बनने वाली दुनिया की दूसरी महिला बन गईं। इससे पहले बेनजीर भुट्टो ने 1990 में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री रहते हुए बेटी बख्तावर को जन्म दिया था।
37 साल की जेसिंडा अर्डर्न ने इंस्टाग्राम पर बताया, “गुरुवार शाम 4.45 पर मैंने बच्ची को जन्म दिया है। इसका वजन 3.31 किलोग्राम है। शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
उन्होंने जनवरी में सोशल मीडिया पर बताया था कि वो मां बनने वाली हैं। उस वक्त बख्तावर भुट्टो ने ट्वीट कर अर्डर्न को बधाई भी दी थी। अर्डर्न ने अक्टूबर 2017 में न्यूजीलैंड की 40वीं प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। जेसिंडा अर्डर्न अक्टूबर 2017 में न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री बनी थीं।
-एजेंसी