उत्तराखंड भाजपा ने पार्टी से निकाले 90 कार्यकर्ता
देहरादून। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव से एक दिन पहले भाजपा ने पार्टी से 90 कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। 5 अक्टूबर से होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर बगावत करने वाले कार्यकर्ताओं को चेतावनी भी दी थी पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते जब कार्यकर्ता नहीं मानें तो हाईकमान ने कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि अगर कोई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता अनुशासनहीनता के दायरे में आएंगे तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश मीडिया प्रभारी डा.देवेंद्र भसीन ने बताया कि इस सूची में शामिल 90 नामों में पूर्व में जारी सूची के 40 नाम भी शामिल हैं।
उस समय इन 40 कार्यकर्ताओं के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई शुरू की गई थी। अब प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के निर्देश पर पूर्व घोषित 40 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं व 50 नए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पद मुक्त करने के साथ पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
29 सितंबर में भी निकाले गए थे 40 कार्यकर्ता
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने जिला स्तर पर गठित समितियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पार्टी के समर्थित प्रत्याशी के विरूद्ध नामांकन भरने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में प्रथम द्रष्टया संलिप्तता के कारण 40 सदस्यों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। शीघ्र ही उनके निष्कासन की कार्यवाही की जायेगी।
पदमुक्त होने वाले सर्वाधिक 14 सदस्य टिहरी से हैं जबकि नैनीताल से 9, बागेश्वर से 6, पिथौरागढ से 4, पौडी, उत्तरकाशी और देहरादून से 2-2 तथा अल्मोडा से एक सदस्य को पदमुक्त किया गया है। प्रदेश में 5, 11 और 16 अक्टूबर को तीन चरणों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने हैं।
– एजेंसी