अचानक Max Hospital पहुंचे सीएम योगी, प्रशासन में मची खलबली
गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद जिले के वैशाली में स्थित Max Hospital में उस समय खलबली मच गई जब अचानक ही उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह अपने परिचित से मिलने आए।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अचानक बना। यहां आने से पहले सुबह वह दिल्ली के कालकाजी मंदिर भी गए थे।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की मधुबन कॉलोनी में रहने वाले शशिकांत बीते 5 दिन से वैशाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। शशिकांत के पिता कुलदीप गोरखपुर में गोरक्षा पीठ से जुड़े हुए हैं। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री दिल्ली के कालकाजी मंदिर गए थे। गाजियाबाद प्रशासन को सुबह 9:32 बजे सूचना मिली कि मुख्यमंत्री वैशाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती अपने परिचित से मिलने आ रहे हैं।
योगी के आने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल Max Hospital के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई।
मुख्यमंत्री सुबह 10:40 बजे सड़क मार्ग से अस्पताल पहुंचे और करीब 20 मिनट तक यहां रुके रहे। इस दौरान मीडिया को अस्पताल से बाहर ही रखा गया। Max Hospital से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे हिंडन एयरबेस पहुंचा, जहां से मुख्यमंत्री सीधे कैराना के लिए रवाना हो गए।
-एजेंसी